सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

    सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
फोटो परिचय-  सड़क निर्माण के लिए पड़ी गिट्टी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। किशनपुर से पहाड़पुर जाने वाले मार्ग के निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में गिट्टी के साथ अधिक मात्रा में डस्ट मिलाकर डाली जा रही है, जिससे सड़क की गुणवत्ता और मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। निर्माण कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए मानक के अनुरूप सामग्री इस्तेमाल करने की मांग की है।

ग्रामीणों के मुताबिक सड़क निर्माण में गिट्टी व डस्ट का निर्धारित अनुपात नहीं रखा जा रहा है। इससे सड़क के जल्द खराब होने की आशंका है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शुरुआत से ही निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने मांग की कि इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और मानकों के विपरीत डाली गई सामग्री को हटाकर नियमानुसार निर्माण कराया जाए। गौरतलब है कि हाल ही में स्थानीय विधायक एवं प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने किशनपुर-पहाड़पुर मार्ग के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया था।

इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन शुरुआती दौर में ही गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर जांच कराकर मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब देखना है कि जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *