बीस नवंबर से शुरू होगा सूर्यकुंड मेला, सत्ताइस को रावण वध

  बीस नवंबर से शुरू होगा सूर्यकुंड मेला, सत्ताइस को रावण वध
फोटो परिचय-  बैठक में मेला को लेकर विचार-विमर्श करते कमेटी के लोग।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। नगर पंचायत धाता स्थित सूर्यकुंड पक्का तालाब में लगने वाले ऐतिहासिक जय श्री नवदुर्गा पूजा एवं श्रीरामलीला कमेटी के मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसको लेकर आयोजित बैठक में मेले को भव्य बनाने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रधान अनंत सिंह ने की।

कमेटी के अनुसार मेला 20 से 29 नवंबर तक आयोजित होगा। मेले में बिजली, पानी, दुकानों के आवंटन और झूले लगाने के लिए स्थान निर्धारित करने सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया। मेले का मुख्य आकर्षण 27 नवंबर को होने वाला रावण वध होगा।

इस दौरान भगवान श्रीराम अपनी सेना के साथ सूर्यकुंड पक्का तालाब के पानी में तैरते रथ पर सवार होकर रावण का वध करेंगे। पानी के बीच रथ पर सवार होकर होने वाला यह अनूठा आयोजन मेले का खास आकर्षण रहेगा। इसे देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। बैठक में चंदन सिंह, अल्प नारायण सिंह, मार्कण्डेय सिंह, मुकेश सिंह, मो. कलीम, भानू प्रताप केसरवानी, कृष्ण कुमार शास्त्री सहित मेला कमेटी के कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *