रजिस्टर खंगाल दिए, मतदाता सूची में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई : डीएम

   मतदाता सूची में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई: डीएम
– डीएम ने बीएलओ के रजिस्टर खंगाल दिए सख्त निर्देश
– अयाह शाह बीआरसी का औचक निरीक्षण कर परखी पुनरीक्षण कार्य की हकीकत
फोटो परिचय- अयाह शाह बीआरसी में पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण करतीं डीएम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को अयाह शाह ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय शाह स्थित बीआरसी का औचक निरीक्षण कर विधानसभा व पंचायत निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य की हकीकत परखी। उन्होंने बीएलओ के कार्य रजिस्टरों की जांच करते हुए मतदाता सूचियों का शत-प्रतिशत मिलान कराने व किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। डीएम ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने नो मैपिंग, अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक व डुप्लीकेट मतदाताओं की श्रेणियों का बारीकी से सत्यापन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पंचायत और विधानसभा मतदाता सूचियों का आपस में मिलान कर सभी विसंगतियों को नियमानुसार दूर किया जाए। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान नए मतदाताओं, नवविवाहित महिलाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 भरवाए जाएं। वहीं फार्म-6, 7 और 8 से संबंधित दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। डीएम ने एईआरओ व सुपरवाइजरों को बीएलओ के रजिस्टरों का नियमित निरीक्षण करने, घर-घर सत्यापन की प्रगति जांचने व कमियां मिलने पर तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए और अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान बीएलओ, सुपरवाइजर और संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *