धर्म संस्कार महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड,लीलाओं ने मोहा मन

    धर्म संस्कार महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड
– नाग नाथन से कंस वध तक की लीलाओं ने मोहा मन
– स्वास्थ्य शिविर में 189 लोगों का हुआ नेत्र परीक्षण
फोटो परिचय- लीला में मंचन करते कलाकार।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अमौली, फतेहपुर। विकास खंड के बुढ़वा गांव में आयोजित 17वें धर्म संस्कार महोत्सव एवं श्री विष्णु महायज्ञ मेले के दूसरे दिन बुधवार को धार्मिक आस्था, सेवा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर स्वास्थ्य शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, वहीं दूसरी ओर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के सजीव मंचन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कालिया नाग नाथन से लेकर कंस वध तक की लीलाओं के मंचन पर पूरा मेला परिसर जयकारों से गूंज उठा।

महोत्सव के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय की टीम ने 189 लोगों का नेत्र परीक्षण किया। जांच के दौरान 13 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए, जिनका 21 नवंबर को निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। वहीं अमौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डॉ. पुष्कर कटियार के नेतृत्व में डॉ. तृप्ति गुप्ता, डॉ. आशीष, एलटी जगमोहन सहित स्वास्थ्य टीम ने मरीजों का परीक्षण कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। शिविर की ओपीडी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। धार्मिक आयोजन का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण एवं बलदाऊ की भव्य रथ यात्रा रही।

रथ पर सखियों के साथ भगवान श्रीकृष्ण व घोड़े पर बलदाऊ सवार होकर नगर भ्रमण करते हुए मेला परिसर पहुंचे। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद मेला परिसर में कालिया नाग नाथन लीला का मनोहारी मंचन किया गया। केशी राक्षस वध, कुवलयापीड़ हाथी वध, धोबी लीला और अंत में कंस वध का जीवंत मंचन हुआ। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कंस का वध करते ही श्रद्धालु जय श्रीकृष्ण के जयकारों से झूम उठे। गांव में घर-घर भगवान को भोग अर्पित कर आरती की गई और खुशी में दीप प्रज्वलित किए गए। इस मौके पर मेला संयोजक विमलेश त्रिवेदी, अध्यक्ष ब्रजेंद्र सचान, चंदन सचान, विराट शुक्ला, वैभव अवस्थी, उमेश त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *