जर्जर खड़ंजे पर भरा नालियों का गंदा पानी, बीमारी फैलने का खतरा

  रानी कॉलोनी में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, डीएम से शिकायत
– जर्जर खड़ंजे पर भरा नालियों का गंदा पानी, बीमारी फैलने का खतरा
फोटो परिचय- डीएम को शिकायती पत्र देने जाते मुहल्लेवासी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के रानी कॉलोनी पूर्वी में जलनिकासी की समस्या ने मोहल्लेवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अंबेडकर के बगल व पीछे स्थित मोहल्ले में नालियों का गंदा पानी सड़क पर भरा रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या से परेशान मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर जल्द निस्तारण की मांग की है।

मोहल्लेवासियों ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि मोहल्ले में कट स्टोन से बना खड़ंजा दोनों ओर से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके साथ ही नालियों के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी पूरी सड़क पर भरा रहता है। जलभराव के चलते लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क पर जमा गंदे पानी से गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण मोहल्लेवासी परेशान हैं। मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके की जांच कराई जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त खड़ंजे की मरम्मत और नालियों के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था कराकर जलभराव से निजात दिलाई जाए। इस मौके पर उदयभान, रामेश्वर सिंह, राकेश कुमार, विनोद मौर्या, अंकित मौर्या, स्वराज, दिलीप कुमार, गनेश कुमार, अनिरूद्ध सिंह, शिवम कुमार मौर्य, सीमा राजपूत, दयाराम राजपूत, अर्चना देवी, रवि शंकर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *