आंवले के वृक्ष की पूजा कर महिलाओं ने मांगी सुख-समृद्धि

   आंवले के वृक्ष की पूजा कर महिलाओं ने मांगी सुख-समृद्धि
– अक्षय नवमी पर जगह-जगह हुए धार्मिक आयोजन
फोटो परिचय- आंवले वृख की पूजा-अर्चना करतीं महिलाएं।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर बुधवार को शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अक्षय नवमी यानी आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली व दीर्घायु की कामना की। सुबह से ही शहर के विभिन्न स्थानों पर आंवले के पेड़ों के नीचे महिलाओं की भीड़ जुटने लगी। महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु व आंवले के वृक्ष की पूजा की। धार्मिक परंपराओं के अनुसार कथा सुनी।

मान्यता है कि अक्षय नवमी के दिन आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। इस दिन श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना और दान-पुण्य करने से अक्षय फल की प्राप्ति होती है। पर्व पर महिलाओं ने आंवले के पेड़ की जड़ में जल अर्पित किया। रोली, चंदन, अक्षत, पुष्प तथा धूप-दीप से पूजन किया। इसके बाद वृक्ष की परिक्रमा कर रक्षा सूत्र बांधा व परिवार में सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की।पर्व की खास परंपरा के तहत कई स्थानों पर महिलाओं ने आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन तैयार किया। भगवान को भोग लगाने के बाद परिवार के साथ प्रसाद ग्रहण किया। व्रत रखने वाली महिलाओं ने पूजा-पाठ व कथा श्रवण के बाद विधि-विधान से व्रत का पारण किया। इस दौरान जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और अन्य सामग्री का दान भी किया गया। धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़े इस पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *