रबी सीजन में खाद की पर्याप्त उपलब्धता, 25 नवंबर से शुरू होगी गन्ने की खरीद
रबी सीजन में खाद की पर्याप्त उपलब्धता, 25 नवंबर से शुरू होगी गन्ने की खरीद
किसान दिवस में उठाईं समस्याएं, समयसीमा में निस्तारण के निर्देश
– रबी सीजन में खाद की पर्याप्त उपलब्धता, 25 नवंबर से शुरू होगी गन्ने की खरीद
फोटो परिचय- किसान दिवस में भाग लेते अधिकारी व किसान। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विकास भवन सभागार में बुधवार को परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण शेषमणि सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने धान खरीद केंद्रों के स्थानांतरण, नहर की पुलिया निर्माण और कृषि संबंधी समस्याएं उठाईं। इस पर परियोजना निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
संचालन करते हुए जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने उद्यान विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना, मुख्यमंत्री फल उद्यान योजना, आरकेवीवाई और एकीकृत बागवानी मिशन के तहत मिलने वाले अनुदान एवं लाभ बताए। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी समरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद के सभी केंद्रों पर धान खरीद की जा रही है। ऑफलाइन टोकन व्यवस्था के तहत पारदर्शिता से धान खरीदा जाएगा।
इस दौरान किसानों ने ललौली और देवलान क्षेत्र में कम धान उत्पादन को देखते हुए वहां के खरीद केंद्रों को अधिक उत्पादन वाले क्षेत्रों में स्थानांतरित करने की मांग उठाई। कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार पांडेय ने सर्दी के मौसम में पशुओं की देखभाल के बारे में जानकारी दी। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के धाता ब्लॉक अध्यक्ष रविकरन सिंह ने धाता व कबरहा में धान क्रय केंद्र स्थापित कराने की मांग की। खजुहा ब्लॉक अध्यक्ष अंगद सिंह चंदेल ने निचली गंगा नहर की खुर्माबाद व मड़रांव माइनर की पुलियों का निर्माण कराने की मांग रखी। किसानों ने अन्य समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। परियोजना निदेशक शेषमणि सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न किया जाए, बल्कि मौके पर जाकर शिकायतकर्ता की मौजूदगी में समस्या का समाधान कराया जाए। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी व किसान मौजूद रहे।