लोकतंत्र पर हमले से आहत हो रही स्वतंत्रता सेनानियों की आत्माएं: महेश

  लोकतंत्र पर हमले से आहत हो रही स्वतंत्रता सेनानियों की आत्माएं: महेश
– तीन दिवसीय मेले का कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया शुभारंभ
फोटो परिचय-  स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिंदकी तहसील क्षेत्र के शहबाजपुर गांव में स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय गजोधर प्रसाद पटेल, लच्छू प्रसाद पटेल, मुकनू सोनी, मनबोधन गुप्ता व चंद्रशेखर मिश्रा का देश की आजादी में महत्वपूर्ण एवं अविस्मरणीय योगदान रहा है। उनके त्याग व बलिदान से प्रेरणा लेकर देश के स्वाभिमान और उन्नति के लिए बेहतर मार्ग तैयार करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि आज लोकतंत्र पर ही प्रहार किया जा रहा है। देश की उन्नति की बात पीछे छूटती जा रही है। स्वार्थपरक सत्ता के चलते देश फिर गुलामी की ओर अग्रसर होता दिखाई दे रहा है, जो चिंता का विषय है। निश्चित रूप से देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की आत्माएं इससे आहत हो रही होंगी। कार्यक्रम के दौरान मेला व्यवस्थापक दयाशंकर पटेल ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष अरुण जायसवाल और पं. रामनरेश महाराज को स्मृति चिह्न भेंट कर अंगवस्त्र से सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *