रात के अंधेरे में बेखौफ दौड़ रहे ओवरलोड मोरंग वाहन,वैध प्रपत्रों के हो रहा परिवहन
रात के अंधेरे में बेखौफ दौड़ रहे ओवरलोड मोरंग वाहन,वैध प्रपत्रों के हो रहा परिवहन
रात के अंधेरे में बेखौफ दौड़ रहे ओवरलोड मोरंग वाहन – बिना नंबर प्लेट व वैध प्रपत्रों के हो रहा परिवहन एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। जिले में ओवरलोडिंग व अवैध खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए गठित टास्क फोर्स के दावों के बीच मोरंग लदे ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है। आरोप है कि दिन ढलते ही सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की धमाचौकड़ी बढ़ जाती है। कई वाहन बिना वैध प्रपत्रों और नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इससे जहां सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने की आशंका है, वहीं सड़कों और यमुना पुल की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जाता है कि बांदा जिले के विभिन्न मोरंग खंडों से प्रतिदिन सैकड़ों खनिज लदे वाहन रामनगर-कौहन यमुना पुल के रास्ते फतेहपुर की सीमा में प्रवेश करते हैं। इसके बाद असोथर, गाजीपुर, बौहा, थरियांव, विजयीपुर, धाता और खागा सहित विभिन्न क्षेत्रों के मार्गों से इनका आवागमन होता है। आरोप है कि निर्धारित क्षमता से अधिक मोरंग लादकर चलने वाले इन वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। जर्जर हालत और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की आवाजाही से हादसों का खतरा भी बना रहता है। मामले को लेकर किशनपुर, विजयीपुर, खागा, असोथर, थरियांव, ललौली व राधानगर थाना क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों के कारखासों पर बैरियर लगाकर वाहनों से इंट्री फीस वसूलने के गंभीर आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है। जिलाधिकारी के निर्देशों के बावजूद अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी रोक नहीं लगने से टास्क फोर्स की निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
————————————— —— कौशल प्रतियोगिता में 2192 युवाओं ने कराया पंजीकरण – 20 नवंबर को नौ विधाओं में होगा मुकाबला एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। युवाओं की प्रतिभा को निखारने व उन्हें कौशल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से जनपद में जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिताएं 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक आयोजित होंगी। इसमें जनपद के 16 से 21 वर्ष आयु वर्ग के 2192 युवाओं ने 56 विभिन्न स्किल्स में सिद्ध पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को दूसरे चरण में राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम दिन राजकीय आईटीआई में आठ स्किल्स में 56 प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। वहीं, दूसरे दिन 20 नवंबर को सुबह 10 बजे से नौ स्किल्स में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें ब्रिकलेइंग में तीन, सीएनसी टर्निंग में 27, इलेक्ट्रॉनिक्स में 257, फैशन टेक्नोलॉजी में 62, हेयरड्रेसिंग में छह, आईसीटी नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर में 17, इंटेलिजेंट सिक्योरिटी टेक्नोलॉजी में सात, मेकाट्रॉनिक्स में 16 तथा पेंटिंग एंड डेकोरेटिंग में 37 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी प्रतियोगिताएं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित की जाएंगी। ————————————- ट्रैक्टर-बाइक की भीषण भिड़ंत में युवक की मौत, दो गंभीर – मनगढ़ से लौट रहे थे तीनों युवक, चालक फरार ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। धाता थाना क्षेत्र के नगरूवा मोड़ के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर व बाइक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि मृतक के बड़े भाई की भी करीब दस वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। अब छोटे भाई की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार धाता थाना क्षेत्र के भूला गांव निवासी दिनेश कुमार प्रजापति (22) पुत्र सूरजपाल अपने साथी दीपक कुमार (20) पुत्र शिवमंगल और विक्रम (19) पुत्र तेजबली के साथ प्रतापगढ़ जिले के मनगढ़ घूमने गए थे। उनके साथ दो अन्य साथी भी थे। वापसी के दौरान दो साथी पहले ही गांव पहुंच गए, जबकि दिनेश, दीपक व विक्रम किसी काम से धाता में रुक गए। शाम को तीनों युवक एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नगरूवा मोड़ के पास सड़क पार करते समय उनकी बाइक की अज्ञात ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक और विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया। उधर, दिनेश की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक फरार है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
———————————
सर्पदंश से किसान की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पौली गढ़वा में खेतों में काम करते समय 52 वर्षीय किसान को सर्प ने डस लिया। जिसकी इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पौली गढ़वा गांव निवासी स्व0 अमरलाल पटेल का पुत्र राधेमोहन लाल पटेल खेतों में काम कर रहा था तभी सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे इसी दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ————————————- – सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम चितौरा मोड़ एनएच-2 में मंगलवार की देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 24 वर्षीय बाइक सवार की घटनास्थल पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के बलीपुर गांव निवासी रामखेलावन का पुत्र शिवप्रसाद उर्फ मिथुन अपनी बहन का इलाज करवाने के लिए मेडिकल कालेज आया था, बताते हैं कि वापस लौटते समय उसकी बहन अपने पति की बाइक पर बैठी थी जबकि शिवप्रसाद दूसरी बाइक पर सवार था। जैसे ही चितौरा मोड़ एनएच-2 पर पहुंचा तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे शिवप्रसाद की घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।