छात्रों और प्रशासन के बीच टकराव, मारपीट के आरोपों से मचा हड़कंप

  जालौन मेडिकल कॉलेज में छात्रों और प्रशासन के बीच टकराव, मारपीट के आरोपों से मचा हड़कंप

नर्सिंग के दर्जनों छात्रों के परीक्षा परिणाम को लेकर शुरू हुआ विवाद, ABVP कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों और जूनियर डॉक्टरों पर लगाया मारपीट व बंधक बनाने का आरोप; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में बुधवार को नर्सिंग छात्रों की परीक्षा में असफल होने के मामले ने तूल पकड़ लिया। शिकायत लेकर कॉलेज के प्राचार्य से मिलने पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और कॉलेज प्रशासन के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नर्सिंग के दर्जनों छात्रों के फेल होने के मामले में जवाब मांगने और अपनी समस्याएं रखने पहुंचे छात्र नेताओं के साथ कॉलेज के कर्मचारियों तथा जूनियर डॉक्टरों ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ छात्रों को परिसर में रोककर बंधक बनाया गया और उनके साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और मौके पर हस्तक्षेप करते हुए छात्रों को बाहर निकाला। विवाद की खबर फैलते ही छात्र संगठनों में नाराजगी बढ़ गई और कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो कंपनी पीएसी तैनात किए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के आरोपों और घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। कॉलेज प्रशासन का पक्ष और पुलिस की विस्तृत कार्रवाई सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *