औंटा गांव में अपर जिलाधिकारी ने किया जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण प्रशासन सख्त
औंटा गांव में अपर जिलाधिकारी ने किया जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण प्रशासन सख्त
जल जीवन मिशन के पानी की बर्बादी पर प्रशासन सख्त, निरीक्षण में कई घरों के बाहर बहता मिला पेयजल
औंटा गांव में अपर जिलाधिकारी ने किया जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण, ग्रामीणों को दी पानी बचाने की हिदायत
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ हमीरपुर। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की सरकारी पहल के बीच पानी की बर्बादी का मामला सामने आया है। विकासखंड गोहांड के औंटा गांव में जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह ने कई घरों के बाहर नलों से लगातार पानी बहता देख नाराजगी जताई। उन्होंने ग्रामीणों को पेयजल का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और अनावश्यक रूप से पानी बहने से रोकने की हिदायत दी। स्थलीय निरीक्षण के दौरान मलखान, अशोक, राघवेंद्र, जय हिंद, वीरपाल, राम सहाय, रामस्वरूप, राजू, कपिल राजपूत और देवेंद्र के घरों के बाहर नलों से पानी बहता पाया गया।
वहीं रघुवीर अपने घर के बाहर भैंस को नहला रहे थे। इस पर अपर जिलाधिकारी ने आपत्ति जताते हुए स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन के तहत उपलब्ध कराया जा रहा पानी आमजन की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए है, न कि उसकी अनावश्यक खपत के लिए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि पानी की बर्बादी से गांव के दूसरे परिवारों को पर्याप्त पेयजल मिलने में परेशानी हो सकती है। ट्रीटमेंट के बाद आपूर्ति किया जाने वाला पानी एक महत्वपूर्ण संसाधन है, इसलिए इसका उपयोग केवल आवश्यक कार्यों में किया जाना चाहिए। अपर जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि घरों में पानी की टंकी भरने के बाद मोटर बंद रखें, इस्तेमाल के बाद नल ठीक से बंद करें और पाइपलाइन में लीकेज होने पर संबंधित विभाग को सूचना दें। उन्होंने पशुओं को नहलाने, वाहन धोने तथा अन्य गैर जरूरी कार्यों में पेयजल का इस्तेमाल न करने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की वास्तविक सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब प्रत्येक घर तक पानी पहुंचने के साथ-साथ उसका संरक्षण भी किया जाए। ग्रामीणों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि पानी को व्यर्थ बहने से रोकें, जिससे गांव के सभी परिवारों को नियमित और पर्याप्त पेयजल मिल सके। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी गोहांड, जल निगम ग्रामीण के सहायक अभियंता राहुल कुमार, सहायक अभियंता (ईएंडएम) आशीष बाजपेई, ग्राम पंचायत सचिव, कार्यदायी संस्था पीएनसी के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान सहित पुलिस बल मौजूद रहा।