सीटीईटी दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए बचे हैं कुछ दिन, पेपर 1 और पेपर 2 के इन महत्वपूर्ण टॉपिक्स का करें रिवीजन

नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 का आयोजन 12 और 13 दिसंबर को देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इस परीक्षा में लाखों अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की तारीख नजदीक आने के साथ ही उम्मीदवारों को अपनी तैयारी तेज करने और पूरे सिलेबस का व्यवस्थित तरीके से रिवीजन करने की सलाह दी गई है।

परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए अभ्यर्थियों को पेपर 1 और पेपर 2 के सभी विषयों के महत्वपूर्ण टॉपिक्स पर विशेष ध्यान देना चाहिए। अंतिम दिनों में नए विषय पढ़ने के बजाय पहले से पढ़े गए पाठ्यक्रम को दोहराना और अभ्यास करना अधिक उपयोगी हो सकता है।

पेपर 1 का सिलेबस और महत्वपूर्ण टॉपिक्स

पेपर 1 कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए होता है। इसमें कुल पांच विषयों से 150 प्रश्न पूछे जाते हैं।

बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र से 30 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें बाल विकास की अवधारणा, विकास के सिद्धांत, आनुवंशिकता एवं वातावरण का प्रभाव, समाजीकरण, पियाजे, कोहलबर्ग और वायगोत्स्की के सिद्धांत, बाल-केंद्रित शिक्षा, बहुआयामी बुद्धिमत्ता, भाषा एवं विचार, व्यक्तिगत भिन्नताएं और समावेशी शिक्षा जैसे विषय शामिल हैं।

इसके अलावा सीखने की प्रक्रिया, बच्चों की सोच, प्रेरणा, संज्ञान एवं भावनाएं, सीखने में आने वाली कठिनाइयां और मूल्यांकन से जुड़े टॉपिक्स का भी रिवीजन करना चाहिए।

भाषा-1 और भाषा-2 से 30-30 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें अपठित गद्यांश, भाषा की समझ, व्याकरण, भाषा अधिग्रहण, भाषा शिक्षण के सिद्धांत, सुनने और बोलने का महत्व, भाषा कौशल, शिक्षण सामग्री और उपचारात्मक शिक्षण शामिल हैं।

गणित से 30 प्रश्न होंगे। इसके लिए ज्यामिति, आकृतियां, संख्याएं, जोड़-घटाव, गुणा-भाग, मापन, भार, समय, आयतन, आंकड़ों का प्रबंधन, पैटर्न और मुद्रा जैसे विषयों का अभ्यास करें। गणित शिक्षण की प्रकृति, तार्किक चिंतन और बच्चों की गलतियों के विश्लेषण पर भी ध्यान देना जरूरी है।

पर्यावरण अध्ययन से भी 30 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें परिवार एवं मित्र, भोजन, आवास, पानी, यात्रा, पशु-पक्षी, पेड़-पौधे और हमारे आसपास होने वाले कार्यों से जुड़े विषय शामिल हैं। इसके साथ पर्यावरण शिक्षण के उद्देश्य, गतिविधियां, प्रयोग, चर्चा और शिक्षण सामग्री से संबंधित टॉपिक्स भी महत्वपूर्ण हैं।

पेपर 2 का सिलेबस और महत्वपूर्ण टॉपिक्स

पेपर 2 कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षक बनने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए आयोजित किया जाता है। इसमें भी कुल 150 प्रश्न पूछे जाते हैं।

बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र से 30 प्रश्न होंगे। इसके लिए बाल विकास, सीखने के सिद्धांत, पियाजे, कोहलबर्ग, वायगोत्स्की, समावेशी शिक्षा, व्यक्तिगत भिन्नताएं, बुद्धिमत्ता, प्रेरणा और मूल्यांकन जैसे विषयों का रिवीजन करना चाहिए।

भाषा-1 और भाषा-2 से 30-30 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें अपठित गद्यांश, भाषा की समझ, व्याकरण, भाषा अधिग्रहण, भाषा शिक्षण के सिद्धांत, सुनने-बोलने के कौशल और उपचारात्मक शिक्षण से जुड़े सवाल शामिल होंगे।

गणित एवं विज्ञान वर्ग के अभ्यर्थियों से गणित और विज्ञान के 60 प्रश्न पूछे जाएंगे। गणित में संख्या पद्धति, पूर्णांक, भिन्न, बीजगणित, अनुपात-समानुपात, ज्यामिति, क्षेत्रमिति और आंकड़ों का प्रबंधन महत्वपूर्ण हैं। वहीं विज्ञान में भोजन, दैनिक उपयोग की सामग्री, जीव-जगत, गति, विद्युत धारा, चुंबक, प्राकृतिक घटनाएं और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े विषयों का अध्ययन करना चाहिए।

सामाजिक अध्ययन वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए इतिहास, भूगोल और सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन से संबंधित 60 प्रश्न होंगे। इतिहास में प्राचीन सभ्यताओं, प्रारंभिक राज्यों, दिल्ली सल्तनत, मुगल साम्राज्य, औपनिवेशिक शासन, 1857 की क्रांति और राष्ट्रीय आंदोलन जैसे विषय शामिल हैं। भूगोल में पृथ्वी, पर्यावरण, वायु, जल, संसाधन और कृषि का रिवीजन करना चाहिए। सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में संविधान, लोकतंत्र, सरकार, संसद, न्यायपालिका, स्थानीय शासन और सामाजिक न्याय जैसे विषय महत्वपूर्ण हैं।

अंतिम दिनों में ऐसे करें तैयारी

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित सिलेबस के अनुसार सभी विषयों का रिवीजन करें। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों और मॉक टेस्ट का अभ्यास करें। जिन विषयों में कठिनाई महसूस हो रही है, उन पर विशेष ध्यान दें। साथ ही समय प्रबंधन और प्रश्नों को हल करने की गति बेहतर बनाने का प्रयास करें, ताकि परीक्षा में निर्धारित समय के भीतर सभी प्रश्न हल किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *