बारात के बाद युवती के कथित अपहरण से मचा हड़कंप, बजरंग दल ने दी आंदोलन की चेतावनी

      हथगांव थाना क्षेत्र में बारात के बाद युवती के कथित अपहरण से मचा हड़कंप, बजरंग दल ने दी आंदोलन की चेतावनी

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज — हथगांव, फतेहपुर। हथगांव थाना क्षेत्र में 20 नवंबर को एक अनुसूचित जाति की युवती के साथ कथित अपहरण की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, युवती के घर बारात आने के बाद माशूक नामक युवक उसे अपने साथ लेकर चला गया।

इस घटना के चलते शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और बारात बिना विवाह संपन्न हुए वापस लौट गई। घटना की सूचना मिलने पर बजरंग दल की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान क्षेत्राधिकारी दुर्गेश दीप ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं एवं पीड़ित परिजनों को आश्वासन दिया कि युवती को आज रात्रि तक बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। इस संबंध में बजरंग दल के जिला गौ रक्षा प्रमुख वैभव गुप्ता ने कहा कि यदि पुलिस आज रात्रि तक युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द करने में नाकाम रहती है, तो कल बजरंग दल द्वारा पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संगठन अपनी आवाज बुलंद करेगा और प्रशासन की जवाबदेही तय कराई जाएगी। मौके पर बजरंग दल से वैभव गुप्ता (जिला गौ रक्षा प्रमुख), अनूप सिंह (जिला सुरक्षा प्रमुख) सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। बजरंग दल ने पुलिस प्रशासन से युवती की शीघ्र एवं सकुशल बरामदगी कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *