दोहा: एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के ग्रुप मुकाबले में पाकिस्तान ए ने भारत ए को 48 रन से हरा दिया। रविवार को दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवर में 313 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
भारत की ओर से कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। शाहबाज अहमद और अभिषेक शर्मा ने भी अर्धशतक लगाए, मगर भारतीय बल्लेबाज लक्ष्य तक पहुंचने में नाकाम रहे।
अभिषेक शर्मा ने संभाली भारतीय पारी
314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। वैभव सूर्यवंशी 11 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि आयुष बडोनी अपना खाता भी नहीं खोल सके। भारत ने 26 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए कप्तान तिलक वर्मा के साथ पारी को संभाला। अभिषेक ने 42 गेंदों में छह चौके और छह छक्के लगाकर 70 रन बनाए। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए तिलक के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की।
अभिषेक के आउट होने के बाद भारतीय मध्यक्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया। कुमार कुशाग्र दो, रिंकू सिंह छह और सूर्यांश शेडगे तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए। देखते ही देखते भारत का स्कोर 129 रन पर छह विकेट हो गया।
तिलक और शाहबाज ने 112 रन की साझेदारी कर जगाई उम्मीद
मुश्किल स्थिति में कप्तान तिलक वर्मा को शाहबाज अहमद का साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 112 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। शाहबाज ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 56 रन बनाए। उनकी पारी में एक चौका और चार छक्के शामिल रहे।
शाहबाज के आउट होते ही भारतीय टीम की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। इसके बाद विप्रज निगम और हर्षित राणा भी बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। तिलक वर्मा ने एक छोर संभाले रखा और अपना शतक पूरा किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। वह 149 गेंदों में 100 रन बनाकर आउट हुए।
पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज और अली रजा ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद इमरान रंधावा को दो विकेट मिले।
पाकिस्तान ने खड़ा किया 313 रन का स्कोर
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ए की टीम ने 49.2 ओवर में 313 रन बनाए। टीम की ओर से हसन नवाज ने 82 गेंदों में 79 रन की पारी खेली। माज सदाकत ने 63 गेंदों में 59 और फरहान यूसुफ ने 48 गेंदों में 56 रन बनाए।
शमाइल हुसैन ने भी 23 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने माज सदाकत के साथ पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। निचले क्रम में मोहम्मद इमरान ने 14 गेंदों में 23 रन बनाए।
भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट हासिल किए।
