पीएम मोदी की अपील का दिखा असर, सात महीने में सोने के आयात में 40 प्रतिशत की गिरावट; भारत ने बचाए 16.46 अरब डॉलर

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील का असर अब देश के आयात आंकड़ों में दिखाई देने लगा है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच भारत के सोने के आयात बिल में करीब 40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इससे देश को लगभग 16.46 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिली है।

कैट के महासचिव और चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने रविवार को बताया कि अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान भारत का सोना आयात 41.24 अरब डॉलर से घटकर 24.78 अरब डॉलर रह गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद उपभोक्ताओं ने गैर-जरूरी खरीदारी से परहेज किया है, जिसका असर अब आर्थिक आंकड़ों में नजर आ रहा है।

अक्टूबर में 62.6 प्रतिशत घटा सोने का आयात

अक्टूबर महीने में सोने के आयात में और भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अक्टूबर 2025 में भारत ने 14.72 अरब डॉलर का सोना आयात किया था, जबकि अक्टूबर 2026 में यह आंकड़ा घटकर 5.51 अरब डॉलर रह गया। इस तरह सालाना आधार पर अक्टूबर में सोने के आयात में करीब 62.6 प्रतिशत की कमी आई।

पिछले वर्षों में लगातार बढ़ा था सोने का आयात

कैट के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने लगभग 71.98 अरब डॉलर मूल्य का सोना आयात किया था। इससे पहले वित्त वर्ष 2024-25 में सोने के आयात का बिल 58.01 अरब डॉलर रहा था। मौजूदा रुझान को देखते हुए कैट ने अनुमान जताया है कि वित्त वर्ष 2026-27 में देश का कुल सोना आयात घटकर 35 से 40 अरब डॉलर के बीच रह सकता है।

विदेशी मुद्रा बचाने और व्यापार घाटा कम करने में मिलेगी मदद

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील का उद्देश्य केवल सोने की खरीदारी कम करना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित में विवेकपूर्ण उपभोग को बढ़ावा देना भी था। उन्होंने कहा कि लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया से पता चलता है कि देश की आर्थिक प्राथमिकताओं को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।

वहीं, ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा कि सोना भारतीय संस्कृति, विवाह परंपराओं और पारिवारिक बचत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हालांकि, देश में सोने की मांग का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा होता है, जिससे विदेशी मुद्रा पर दबाव पड़ता है। सोने की खरीद में संयम बरतने से विदेशी मुद्रा भंडार के बेहतर प्रबंधन और व्यापार घाटे को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *