गुवाहाटी: असम के नगांव जिले में पुलिस ने जुमुद्दीन अहमद नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस पर अपनी असली पहचान छिपाकर हिंदू नामों का इस्तेमाल करते हुए छह महिलाओं से शादी करने का आरोप है। आरोपी की गिरफ्तारी उसकी पहली पत्नी रंजू मुसाहारी उर्फ फरीदा बेगम की शिकायत के बाद हुई है।
शिकायत के अनुसार, नगांव जिले के समागुरी इलाके के सोनारीबली निवासी जुमुद्दीन अहमद ने अलग-अलग महिलाओं से शादी करने के लिए राजू बोरा, उत्पल बोरा और उत्पल सैकिया जैसे नामों का इस्तेमाल किया। आरोप है कि उसने अपनी पहचान साबित करने के लिए फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेज भी बनवाए थे।
2001 में पहली बार बदली पहचान
महिला ने आरोप लगाया कि जुमुद्दीन ने वर्ष 2001 में तेजपुर की एक बोडो महिला से राजू बोरा नाम बताकर शादी की थी। इसके बाद उसने कालियाबोर, कार्बी आंगलोंग, तेजपुर और अन्य इलाकों में अलग-अलग पहचान के जरिए कई महिलाओं से शादी की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी ने कुल छह महिलाओं से विवाह किया था, जिसमें वह खुद भी शामिल है।
पहली पत्नी ने सुनाई आपबीती
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद महिला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह वर्ष 2001 से ही परेशानियां झेल रही थी। उसने गिरफ्तारी पर खुशी जताते हुए असम के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। महिला ने बताया कि फिलहाल उसकी छोटी बहन उसकी और उसके बच्चे की मदद कर रही है, लेकिन उसके काम पर लौटने के बाद उनके भरण-पोषण की चिंता बनी हुई है।
बच्चों की पढ़ाई छुड़वाने का भी आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जुमुद्दीन ने अपने बच्चों की पढ़ाई का विरोध किया और उन पर काम करके पैसे कमाने का दबाव बनाया। इसके कारण बच्चों को स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। महिला ने अपनी सास पर भी आरोप लगाया कि उन्हें जुमुद्दीन की असली पहचान और उसकी अन्य शादियों की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने उसका समर्थन किया।
हटोवाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस नंबर 40/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 82, 84, 83, 81, 69 और 319 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की कथित फर्जी पहचान, दस्तावेजों और शादियों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
