नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश के करीब 50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना पिछले एक हजार वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने इसे आजादी के बाद देश में आया बड़ा बदलाव बताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियां इस दौर को भारत के स्वर्ण युग के रूप में देखेंगी। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर परोक्ष रूप से निशाना भी साधा।
प्रधानमंत्री रविवार को गुजरात की सभी 182 विधानसभा सीटों पर आयोजित दिवाली स्नेह मिलन कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को यह उपलब्धि इसलिए स्वीकार नहीं हो रही है, क्योंकि यह मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हासिल हुई है। हालांकि, सरकार को इस बात की संतुष्टि है कि उसकी कोशिशों के परिणाम सामने आए हैं।
विश्व बैंक की रिपोर्ट का दिया हवाला
पीएम मोदी ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत में अत्यधिक गरीबी की दर वर्ष 2011 में 27.1 प्रतिशत थी, जो वर्ष 2023 में घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई। इस अवधि में करीब 49.6 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक सरकार की नहीं, बल्कि देश के नागरिकों की मेहनत और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि आजादी के लिए अपना जीवन कुर्बान करने वाले स्वतंत्रता सेनानी भी देश को गरीबी से बाहर निकलते देखकर गर्व महसूस करते। सदियों की गुलामी ने देश को गरीबी में धकेला था, लेकिन अब स्थिति बदल रही है।
गुजरात से शुरू हुई गरीब कल्याण की पहल
प्रधानमंत्री ने अपने गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि अक्टूबर 2001 में मुख्यमंत्री बनने के बाद गरीब कल्याण मेलों की शुरुआत की गई थी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि गुजरात में शुरू हुए इन प्रयासों को केंद्र सरकार में आने के बाद भी आगे बढ़ाया गया।
बैंक खाते, गैस कनेक्शन और आयुष्मान कार्ड का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि गरीबों के बैंक खाते खुलवाने, महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन देने, जरूरतमंद परिवारों तक बिजली पहुंचाने और आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं का शुरुआत में मजाक उड़ाया गया था। कई लोगों ने इन योजनाओं की उपयोगिता पर सवाल उठाए थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने लगातार योजनाएं बनाकर उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया। जिन परिवारों के पास बैंक खाते तक नहीं थे, उनमें बड़ी संख्या दलित, आदिवासी, वंचित और गरीब वर्गों की थी। महिलाओं को भी इन योजनाओं से सीधा लाभ मिला।
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की सही नीतियों और लगातार प्रयासों से देश में बदलाव आया है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से गुजरात के विकास में अपनी भूमिका निभाते रहने और देश को विकसित बनाने के संकल्प के साथ काम करने का आह्वान किया।
