एट में जनरल स्टोर के गोदाम में लगी भीषण आग,होनी थी संचालक की बेटी की शादी

    एट में जनरल स्टोर के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख होने की आशंका; 15 दिन बाद होनी थी संचालक की बेटी की शादी

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। जिले के एट कस्बे में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट से जनरल स्टोर के गोदाम में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा गोदाम आग की लपटों से घिर गया। भीषण अग्निकांड की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। गोदाम में रखे जनरल स्टोर के सामान ने आग तेजी से पकड़ ली, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है। घटना ने गोदाम संचालक के परिवार की खुशियों पर भी संकट खड़ा कर दिया है। बताया जा रहा है कि संचालक काजी हिमायत अली की बेटी की शादी महज 15 दिन बाद होनी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद करीब एक घंटे तक दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे आग फैलती रही। काफी देर बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला। इस अग्निकांड में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *