बकाया बिजली बिल जमा न करने पर कई उपभोक्ताओं के कटे कनेक्शन

 बकाया बिजली बिल जमा न करने पर कई उपभोक्ताओं के कटे कनेक्शन
– 2.30 लाख रुपये की हुई वसूली, सहयोग की अपील
फोटो परिचय-  बकाया बिजली बिल को लेकर अभियान चलाते विद्युत कर्मी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीम ने राधानगर विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में बकाया बिजली बिलों की वसूली को लेकर अभियान चलाया। इस दौरान झाऊपुर, राधानगर व बक्सपुर क्षेत्र में बकाया बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे गए। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं से लगभग 2 लाख 30 हजार रुपये का बकाया बिजली बिल जमा कराया गया।

यह अभियान अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा, अधिशासी अभियंता प्रथम अरविंद कुमार एवं उपखंड अधिकारी महेश चंद्र के निर्देशानुसार चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अवर अभियंता धीरेंद्र सिंह ने किया। अवर अभियंता धीरेंद्र सिंह ने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी उपभोक्ता प्रत्येक माह की 25 तारीख से पहले अपना बिजली बिल अनिवार्य रूप से जमा कर दें, जिससे बकाया होने की स्थिति में विद्युत कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए उपभोक्ताओं का भी सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता समय से बिजली बिल जमा कर विभाग का सहयोग करें, विभाग भी उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा। इस मौके पर टीजी-2 सादिक हुसैन, धर्मवीर, बच्चा यादव, विनय सिंह, रोहित, सुनील, दिनेश, कमलेश आदि स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *