महिला की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा, वाराणसी में तैनात पुलिस कर्मी भी आरोपी

 असलहों का प्रदर्शन करने वाले पांच आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
– महिला की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा, वाराणसी में तैनात पुलिस कर्मी भी आरोपी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जमीन के विवाद में तहसील के बाहर लाइसेंसी असलहों के दम पर दबंगई दिखाने और खुलेआम दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को नई तहसील के गेट के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में राइफल, पिस्टल समेत लाइसेंसी असलहों का प्रदर्शन करने वाले पांच नामजद आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज होने के बाद अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। मामले में एक आरोपी के वाराणसी में पुलिस विभाग में तैनात होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 27 नवंबर को कोतवाली क्षेत्र में नई तहसील के गेट के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद और एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी असलहों का प्रदर्शन किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेकर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि दोनों पक्ष असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम सरकंडी के निवासी हैं और एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। इनके बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग स्तरों पर शिकायतें भी की जा रही थीं। विवाद के निस्तारण के लिए उन्हें राजस्व अधिकारियों के समक्ष अपने अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए तहसील जाने को कहा गया था। इसी दौरान तहसील से बाहर निकलते समय दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। आरोप है कि प्रमोद तिवारी और उसके दो पुत्रों प्रांजल तिवारी व आयुष तिवारी ने लाइसेंसी असलहों का खुलेआम प्रदर्शन किया। इस दौरान मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए। घटना के बाद पीड़ित महिला रेखा तिवारी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई, जिसके आधार पर कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी ने बताया कि मामले में कुल पांच आरोपी नामजद हैं। सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। प्रत्येक वांछित आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वहीं, असलहों के दुरुपयोग के मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के लाइसेंसी शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कराने के लिए संबंधित जिलाधिकारी को पत्र भी भेजा जाएगा।
———————————- 
  सेवानिवृत्त सूबेदार की इलाज के दौरान मौत
– सेना के जवानों ने सलामी देकर दी अंतिम विदाई
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी गांव निवासी भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार संजय कुमार पटेल के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पंजाब के जालंधर स्थित 128 बटालियन में देश की सेवा कर चुके संजय कुमार पटेल टॉक्सन नामक बीमारी के चलते लखनऊ के गोमतीनगर स्थित मैक्स हॉस्पिटल में इलाज दौरान अंतिम सांस ली उनकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सेना की एक टुकड़ी के बीच उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास बड़ौरी लाया गया। उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर आंख नम थी और पूरा गांव शोक में डूबा हुआ था। एक ही परिवार की दो पीढ़ियों ने भारतीय सेना में रहकर देश की रक्षा और सेवा में अपना योगदान दिया। संजय कुमार पटेल अपने पीछे पत्नी विजय लक्ष्मी उर्फ पिंकी, 18 वर्षीय बेटी समीक्षा और 10 वर्षीय बेटे अभिनव को छोड़ गए हैं। उनके पिता स्वर्गीय रामनारायण भी भारतीय सेना में हवलदार के पद पर रहकर देश की सेवा कर चुके थे। उनके भाई पंकज पटेल सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूबेदार संजय कुमार पटेल की मौत की खबर सुनते ही प्रयागराज से आई सेना की टुकड़ी ने सलामी देकर सूबेदार को अंतिम विदाई दी। सलामी में मुख्य रूप से सूबेदार अमर सिंह, सूबेदार सुशील कुमार, सूबेदार सुखदेव, हवलदार धर्मेन्द्र सिंह, हवलदार श्रवण कुमार सोनी, हवलदार संजय मिश्रा, हवलदार रतीभान, हवलदार दिनेश कुमार प्रजापति ने सलामी दी। इस दौरान कल्यानपुर थाना पुलिस मौजूद रही, इसके साथ ही उनका अंतिम संस्कार उन्नाव जनपद के बक्सर घाट में किया गया। जहां पर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
———————————— —–
  तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल किसान की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जोनिहां-अमौली मार्ग पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल किसान की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की मौत से मां लीलावती और पिता जिनीपाल का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार जाफरगंज थाना क्षेत्र मऊदेव गांव निवासी उमाशंकर कुशवाहा 28 पुत्र जिनीपाल कुशवाहा शुक्रवार शाम करीब छह बजे खेत से ट्राली में मिर्च डालकर दोबारा खेत से मिर्च लेने जा रहा था। इसी दौरान अमौली की ओर से मऊदेव जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार गोलू सिंह चंदेल निवासी भिखानीपुर थाना चांदपुर ने विपरीत दिशा में आकर उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवार ने मौके से भागने का प्रयास किया। उसे रोकने की कोशिश करने पर उसने फोन कर अपने दोस्तों को बुला लिया और परिजनों के साथ मारपीट की। आरोप है कि उन्हें कंटीली झाड़ियों से भरी खाई में धक्का देकर गिरा दिया गया। चीख-पुकार सुनकर केदार का डेरा और मऊदेव गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायल उमाशंकर को निजी साधन से अस्पताल ले जाया जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई शिवपूजन पैर से दिव्यांग है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते उमाशंकर दूसरों के खेत बटाई पर लेकर खेती-किसानी करता था। उसकी पांच बहनें भी हैं। घर की जिम्मेदारी संभाल रहे उमाशंकर की असमय मौत से परिवार बेसहारा हो गया है। हादसे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने इलाकाई पुलिस के ऊपर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की मिली भगत से क्षेत्र में मिट्टी ढुलाई काकर तेजी से होता है पिकेट में लगी पुलिस मौके से हट जाती है इसके बाद ट्रैक्टरों की तेज रफ्ता चालू हो जाती है इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी खनन माफिया के ट्रैक्टरों का आवागमन नहीं बंद हुआ। सपा नेता राजेंद्र सिंह वर्मा व नरेश उमराव ने मौके पर पहुंचकर शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।
————————————— – 
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुकरा के समीप रेलवे क्रासिंग पार करते समय 40 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार कुकरा गांव निवासी जगत पाल का पुत्र बचान यादव शुक्रवार की रात शौंचक्रिया के लिए जा रहा था। तभी रेलवे क्रासिंग पार करते समय आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
———————————– ——
जहर खा युवक ने दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के गढीवा में मानसिक तनाव के चलते 40 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार गढीवा निवासी रामबहादुर का पुत्र सोहन लाल ने मानसिक उलझनों के कारण घर पर ही जहर खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगडने लगी तो परिजनों ने उसे अस्पताल ले गये। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————- —-
  सड़क हादसों में तीन घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज  फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्र के अर्न्तगत शनिवार की सुबह हुये सड़क हादसों के दौरान तीन लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के चक काजीपुर गांव निवासी जयसिंह का 38 वर्षीय पुत्र शिवसिंह दयाराम का 35 वर्षीय पुत्र दिनेश शनिवार की सुबह बाइक से किसी काम से जा रहे थे। तभी कस्बा के पास चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया। जिससे दोनो घायल हो गये। इसी प्रकार थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा निवासी अली हुसैन का 40 वर्षीय पुत्र परवेज बाइक से शहर आ रहा था। तभी पुरानी तहसील के पास सामने से आ रही बाइक से भिडन्त हो गयी। जिससे वह घायल हो गया। उधर घटना की सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
———————————- ——
 पत्नी से झगड़ युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम छिछनी में शनिवार की सुबह पत्नी लड़ने-झगने के बाद 45 वर्षीय अधेड़ ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुये मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। लेकिन उससे पहले इमरजेन्सी में हावी प्राइवेट एम्बुलेंस चालको ने अन्दर सेटिंग कर मरीज को निजी अस्पताल ले गये।
जानकारी के अनुसार छिछनी गांव निवासी मैकू का पुत्र नेत्रराम का आज सुबह अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गयी। जिस पर गुस्से में आ कर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद जब उसकी हालत बिगडने लगी तो परिजनों ने उसे तत्काल सरकारी एम्बुलेंस द्वारा उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने हाल गंभीर देखते हुये मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। वहीं पहले से मौजूद इमरजेन्सी में प्राइवेट एम्बुलेंस चालको ने इमरजेन्सी के कुछ कर्मचारियों की साठगांठ कर मरीज को निजी अस्पताल में इलाज कराने के लिए ले गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *