जालौन: थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की शिकायतें
जालौन: थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की शिकायतें
जालौन: थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की शिकायतें, तीन मामलों का मौके पर निस्तारण
शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता जांचने के लिए डीएम ने शिकायतकर्ताओं से फोन पर की बात, दोनों ने जताई संतुष्टि
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और फरियादियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को थाना नदीगांव में थाना सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर भेजी गईं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अधिकारी संबंधित स्थलों पर पहुंचकर दोनों पक्षों की बात सुनें और निष्पक्ष तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और शिकायतकर्ताओं को निर्धारित समय में राहत उपलब्ध कराई जाए। शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी ने पूर्व में दर्ज शिकायतों के संबंध में रैंडम फोन कॉल कर फीडबैक भी लिया। उन्होंने शिकायतकर्ता चेतराम और गंगाराम से दूरभाष पर बातचीत की। दोनों शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याओं का समाधान होने की पुष्टि करते हुए कार्रवाई पर संतुष्टि जताई। वहीं, पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें। पुलिस और राजस्व विभाग आपसी समन्वय बनाकर मामलों का निस्तारण करें। उन्होंने थाना प्रभारी को यह भी निर्देश दिए कि पुलिस मुख्यालय की जनसुनवाई के दौरान संबंधित थानों को भेजे गए प्रार्थना पत्रों के शिकायतकर्ताओं को भी थाना सम्पूर्ण समाधान दिवस में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी जाएं तथा नियमानुसार पारदर्शी कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कोंच अनीता सिंह, क्षेत्राधिकारी परमेश्वर कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।