उद्योग व्यापार मंडल ने चलाया सड़क सुरक्षा अभियान, डीएम-एसपी ने बांटे हेलमेट

  उरई: माही पैलेस में उद्योग व्यापार मंडल ने चलाया सड़क सुरक्षा अभियान, डीएम-एसपी ने बांटे हेलमेट

दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने का दिया संदेश, अधिकारियों ने यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ उरई (जालौन)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए उद्योग व्यापार मंडल की ओर से उरई स्थित माही पैलेस में हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने लोगों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने भी सहभागिता करते हुए लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से यात्रा के दौरान अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का रूप ले सकती है। वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करें। दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना चाहिए। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और सड़क संकेतों का पालन करने पर भी जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जागरूकता और सावधानी अपनाकर दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *