उत्तर प्रदेश दिवस पर हमीरपुर में ‘विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत’ थीम पर भव्य प्रदर्शनी

     उत्तर प्रदेश दिवस पर हमीरपुर में ‘विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत’ थीम पर भव्य प्रदर्शनी

रिपोर्ट संदीप धुरिया हमीरपुर, 24  जनवरी—  उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर मा. राज्य मंत्री, जलशक्ति विभाग उत्तर प्रदेश एवं प्रभारी मंत्री जनपद हमीरपुर श्री रामकेश निषाद ने चौरा देवी प्रांगण में ‘विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत’ थीम पर आयोजित भव्य प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मा. विधायक सदर डॉ. मनोज प्रजापति विशेष रूप से उपस्थित रहे।


प्रदर्शनी में चिकित्सा, पुलिस, सूचना, नेडा, उद्यान, बेसिक शिक्षा, ग्राम्य विकास, कृषि, श्रम, क्रीड़ा, उद्योग, महिला कल्याण सहित विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए। सूचना विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश के अंग्रेजी शासन काल से लेकर वर्तमान तक के प्रादेशिक विकास, संरचना एवं उपलब्धियों को दर्शाया गया तथा कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की गई।
मा. प्रभारी मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल तथा विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को टूल किट वितरित की। प्रेरणा कार्यक्रम के अंतर्गत गुजरात के बड़नगर स्थित विद्यालय से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली शंकरपुर, कुरारा की छात्रा काव्या यादव को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का पत्र स्मृति चिन्ह स्वरूप प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान बच्चों का अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी कराई गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ हुआ।
जनसभा को संबोधित करते हुए मा. प्रभारी मंत्री श्री रामकेश निषाद ने कहा कि 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश की स्थापना हुई थी, इसी कारण यह दिन उत्तर प्रदेश दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है और स्वास्थ्य, शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इस अवसर पर मा. मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं माननीय केंद्रीय गृहमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया।


मा. विधायक सदर डॉ. मनोज प्रजापति ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था के कारण देश-विदेश के उद्यमी निवेश के लिए आगे आ रहे हैं और उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है।
इस मौके पर जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना ने जनपद की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रावल नदी के पुनरोद्धार से 990 वर्ग किलोमीटर जलग्रहण क्षेत्र विकसित हुआ है, जिससे किसानों को सिंचाई सुविधा एवं भूजल स्तर में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि 2.13 लाख किसानों को ₹692.68 करोड़ की सम्मान निधि, हर घर जल योजना के अंतर्गत ₹325.74 करोड़, पीएम आवास योजना के तहत ₹293.92 करोड़ की लागत से 24,398 आवास पूरे कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त हमीरपुर बाईपास, यमुना एवं बेतवा नदी सेतु निर्माण, स्मार्ट क्लास, एनटीपीसी ग्रीन प्रोजेक्ट, सोलर प्लांट एवं औद्योगिक निवेश से जनपद को नई पहचान मिली है।
कार्यक्रम के दौरान चंद्रावल पुनरोद्धार में योगदान देने वाले उद्यमियों, जनसेवियों, अधिकारियों एवं सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सीएम युवा योजना, स्वयं सहायता समूहों, पीएम आवास, आयुष्मान योजना एवं खेल प्रतियोगिताओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।


कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री संत विलास शिवहरे, जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, नगरपालिका चेयरमैन कुलदीप निषाद, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा, सीडीओ अरुण कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *