महिला सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन

    महिला सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन
– छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित

ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अज़रा न्यूज बांदा। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन श्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशानुरूप प्रदेश में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण हेतु चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के क्रम में आज पुलिस लाइन बांदा में पुलिस अधीक्षक बांदा श्री पलाश बंसल के निर्देशन में “मिशन शक्ति फेज-6.0” अभियान के अंतर्गत महिला सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया । कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बांदा श्री शिवराज, क्षेत्राधिकारी नगर श्री सौरभ सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री प्रतिज्ञा सिंह द्वारा शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाली छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । इस दौरान छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा अन्य छात्राओं को भी अपने लक्ष्य प्राप्त करने एवं समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया गया । इस अवसर पर भागवत प्रसाद मेमोरियल इण्टर कॉलेज, राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, डी.आर. पब्लिक इण्टर कॉलेज, सैंट मैरी सीनियर सेकेण्डरी स्कूल, भागवत प्रसाद मेमोरियल अकेडमी, रामेश्वरम प्रसाद इण्टर कॉलेज एवं हर्बल क्लब सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से जुड़ी छात्राओं एवं शिक्षकों की सहभागिता रही । कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बांदा श्री शिवराज द्वारा उपस्थित छात्राओं को मिशन शक्ति फेज-6.0 के उद्देश्यों, महिला सुरक्षा, अधिकारों, आत्मसम्मान एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया । उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के प्रति सजग रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया । साथ ही, किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस से सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया । इस दौरान छात्राओं को विभिन्न आपातकालीन एवं सहायता हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें आपातकालीन पुलिस सेवा-112, वूमेन पावर लाइन-1090, स्वास्थ्य सेवा-102, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, महिला हेल्पलाइन-181, एंबुलेंस सेवा-108 एवं अग्निशमन सेवा-101 प्रमुख हैं। छात्राओं को इन हेल्पलाइन नंबरों का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने तथा अन्य लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं का मनोबल बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों को सम्मान देना तथा समाज में महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सकारात्मक वातावरण स्थापित करना रहा। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बेलास यादव, विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं, उनके शिक्षकगण तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे । कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण का संदेश दिया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *