नशे की हालत का फायदा उठाकर करोड़ों की जमीन 34 लाख में बैनामा कराने का आरोप
नशे की हालत का फायदा उठाकर करोड़ों की जमीन 34 लाख में बैनामा कराने का आरोप
नशे की हालत का फायदा उठाकर करोड़ों की जमीन 34 लाख में बैनामा कराने का आरोप
बैनामे में दर्शाई गई रकम बैंक खाते में नहीं पहुंची, महिला ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार; आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग सुनील कुमार की रिपोर्ट असोथर/फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम असोथर में करोड़ों रुपये कीमत की कृषि भूमि को कथित रूप से महज 34 लाख रुपये में बैनामा कराने का मामला सामने आया है। जमीन की मालकिन की पत्नी ने कुछ लोगों पर शराब के नशे का फायदा उठाकर उसके पति के साथ छल-कपट और धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि बैनामे में भुगतान की जो रकम दर्शाई गई है, वह उनके बैंक खाते में पहुंची ही नहीं। पीड़िता ने जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता काजल सिंह के मुताबिक, उनके पति बृजेंद्र पाल सिंह गौतम शराब के आदी हैं। आरोप है कि इसी कमजोरी का फायदा उठाकर चंद्रपाल सिंह गौतम, शैलेंद्र सिंह, नीलेंद्र कुमार सिंह चौहान, मनोज कुमार और अंकित सिंह गौतम ने कथित रूप से उनके पति को विश्वास में लेकर धोखाधड़ी की। आरोप है कि 2 नवंबर 2026 को फतेहपुर स्थित निबंधक कार्यालय में उनकी कृषि भूमि का बैनामा करा लिया गया। महिला का दावा है कि करोड़ों रुपये कीमत की जमीन का सौदा महज 34 लाख रुपये में दर्शाया गया।काजल सिंह के अनुसार, बैनामे में भुगतान के लिए चेकों का विवरण दर्ज कराया गया था। उन्हें जब भुगतान को लेकर संदेह हुआ तो पांच नवंबर को बैंक जाकर अपने पति के खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। इसमें बैनामे में दर्शाई गई रकम खाते में जमा नहीं मिली। इसके बाद महिला ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल के आईजीआरएस माध्यम से की। छह नवंबर को पुलिस अधीक्षक को भी शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अब उन्होंने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बैनामे में दर्शाए गए भुगतान की सत्यता की जांच करने और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
बैंक भुगतान और बैनामे की जांच जरूरी
मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि बैनामे में दर्शाई गई 34 लाख रुपये की रकम वास्तव में भुगतान की गई या नहीं। बैंक स्टेटमेंट, चेकों का विवरण और निबंधक कार्यालय में दर्ज दस्तावेजों की जांच से मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और प्रशासनिक जांच का इंतजार है।