नई दिल्ली। केंद्र सरकार की ओर से अग्निवीरों की सेवा अवधि में दो साल का विस्तार देने के फैसले का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्वागत किया है। पार्टी ने इसे सशस्त्र बलों और युवाओं को मजबूत बनाने वाला महत्वपूर्ण निर्णय बताया है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने बुधवार को कहा कि इस फैसले से देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं को सेना में अधिक समय तक सेवा करने का अवसर प्राप्त होगा।
अब छह साल तक देश की सेवा कर सकेंगे अग्निवीर
अग्निपथ योजना में बदलाव करते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने चार साल की निर्धारित सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो वर्ष का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने की मंजूरी दी है। इस फैसले के बाद चयनित अग्निवीरों की कुल सेवा अवधि छह वर्ष हो सकेगी।
अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अग्निवीरों के लिए ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ यानी सेवा के दूसरे कार्यकाल को मंजूरी देकर अहम कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय युवाओं को सशक्त बनाने के साथ सशस्त्र सेनाओं की क्षमता बढ़ाने में भी सहायक होगा। इससे भारत की सुरक्षा और मजबूत होगी।
नियमित भर्ती का भी मिलेगा अवसर
भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक, दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल पूरा करने के बाद निर्धारित पात्रता मानदंडों पर खरे उतरने वाले अग्निवीरों को सेना में नियमित भर्ती का अवसर भी मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से अग्निवीरों को सैन्य सेवा का अधिक अनुभव हासिल होगा और उन्हें अपने भविष्य के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही सेना को प्रशिक्षित और अनुभवी युवाओं की सेवाएं लंबे समय तक प्राप्त हो सकेंगी।
करीब 18 हजार अग्निवीरों का कार्यकाल होने वाला था पूरा
सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब लगभग 18 हजार अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला था। अग्निपथ योजना के तहत वर्ष 2022 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। मौजूदा व्यवस्था में चार साल की सेवा के बाद अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित कैडर में शामिल करने का प्रावधान था।
कैबिनेट के नए निर्णय के बाद अग्निवीरों को सैन्य सेवा में अधिक समय बिताने का अवसर मिलेगा। सरकार के इस कदम को सेना की जरूरतों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
