ऑनलाइन बैठक में समाज की एकजुटता व संगठन मजबूती पर दिया जोर

जातीय जनगणना को लेकर यादव महासभा ने भरी हुंकार
ऑनलाइन बैठक में समाज की एकजुटता व संगठन मजबूती पर दिया जोर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशन में गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन बैठक हुई। बैठक में जातीय जनगणना को समाज के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए जागरूकता और संगठन की मजबूती पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जगराम सिंह यादव ने कहा कि जातीय जनगणना से समाज की वास्तविक जनसंख्या के साथ सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति की सही तस्वीर सामने आएगी। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और सामाजिक हित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि सही आंकड़ों के आधार पर समाज की जरूरतों और समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार के सामने रखा जा सकेगा। वहीं राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह यादव ने कहा कि जातीय जनगणना के महत्व का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा और संगठन को ब्लॉक स्तर तक मजबूत किया जाएगा। चौधरी राजेश यादव ने भी जातीय जनगणना को समय की आवश्यकता बताते हुए समाज के लोगों से संगठन से मजबूती से जुड़ने की अपील की। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष लालजी यादव, मीना यादव, धीर सिंह यादव, केपी सिंह, लक्ष्मण सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में महासभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ऑनलाइन जुड़े। अंत में लालजी यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *