पालिका ईओ को सौंपा ज्ञापन, अस्थाई पथ बाजार आवंटित करने की मांग
पालिका ईओ को सौंपा ज्ञापन, अस्थाई पथ बाजार आवंटित करने की मांग
रोजगार बचाने की पथ व्यापारियों ने बुलंद की आवाज
– पालिका ईओ को सौंपा ज्ञापन, अस्थाई पथ बाजार आवंटित करने की मांग
फोटो परिचय- नगर पालिका ईओ को ज्ञापन सौंपते पथ व्यापारी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर की सड़कों व फुटपाथों पर छोटे-छोटे कारोबार के सहारे परिवार का पेट पाल रहे पथ व्यापारियों ने अब अपने रोजगार को बचाने के लिए आवाज बुलंद की है। उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश से संबद्ध पथ विक्रेता संगठन ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को मांग पत्र सौंपकर पथ व्यापारियों के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अस्थायी स्थान आवंटित किए जाने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर पथ व्यापारी आईटीआई रोड, पटेलनगर, पथरकटा, बिंदकी बस स्टैंड, सदर अस्पताल, पक्का तालाब, बस स्टैंड और वर्मा चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में छोटे स्तर पर व्यापार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोप है कि कई बार बिना पूर्व सूचना के उन्हें उनके स्थानों से हटा दिया जाता है। इससे उनका कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो जाता है और परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाता है। मांग किया कि नगर क्षेत्र में ऐसे स्थान चिह्नित किए जाएं, जहां पथ व्यापारियों को अस्थायी रूप से कारोबार करने की अनुमति दी जा सके। संगठन का कहना है कि इससे सड़क और यातायात व्यवस्था को भी बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा तथा छोटे व्यापारियों का रोजगार भी सुरक्षित रहेगा। मांग पत्र में आईटीआई रोड स्थित खाली और उजाड़ पड़े यूसुफ क्लब को अस्थायी पथ विक्रेताओं के लिए आवंटित किए जाने का विशेष सुझाव दिया गया। उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि पथ व्यापारी बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति में मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्हें बार-बार हटाने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। मांग किया कि पथ व्यापारियों को हटाने के बजाय उनके लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराकर व्यवस्थित व्यवस्था बनाई जाए। इस मौके पर पथ विक्रेता संगठन अध्यक्ष सर्वेश पाण्डेय के अलावा रचित शर्मा, गुड्डू, सनी, निजाम, आमिर, राकेश शर्मा, राज शमी, साहेबे आलम, दाऊद, सैफ आलम, सलमान, विनय गुप्ता, अजीत कुमार, अमन तिवारी, रमन तिवारी और अवनीश तिवारी सहित संगठन से जुड़े पथ व्यापारी शामिल रहे।