संगठन की नई जमीन तलाशेंगे राष्ट्रीय पर्यवेक्षक,टटोलेंगे कार्यकर्ताओं की नब्ज
संगठन की नई जमीन तलाशेंगे राष्ट्रीय पर्यवेक्षक,टटोलेंगे कार्यकर्ताओं की नब्ज
कांग्रेस में संगठन की नई जमीन तलाशेंगे राष्ट्रीय पर्यवेक्षक
– 13 ब्लॉकों में उतरकर टटोलेंगे कार्यकर्ताओं की नब्ज
– 16 से 20 अगस्त तक चलेगा संगठन सृजन अभियान
फोटो परिचय- पदाधिकारियों के साथ मंथन करते राष्ट्रीय पर्यवेक्षक। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। कांग्रेस को जिले में नए सिरे से मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। संगठन सृजन अभियान के तहत राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने फतेहपुर पहुंचकर संगठन की जमीनी हकीकत परखने की कमान संभाल ली है। लाला बाजार स्थित मोनिस मैरिज हॉल में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर पर्यवेक्षकों ने संगठन की स्थिति, सक्रियता और आगामी रणनीति को लेकर जानकारी जुटाई। उन्होंने साफ किया कि जिले से लेकर ब्लॉक स्तर तक संगठन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया जाएगा।
कांग्रेस कार्यालय ज्वालागंज में आयोजित वार्ता में पूर्व राष्ट्रीय सचिव बीरेंद्र राठौर ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत 16 से 20 अगस्त तक जिले के सभी 13 ब्लॉकों का दौरा किया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी जाएगी। इसके साथ ही समाजसेवियों, पत्रकारों और वरिष्ठ कांग्रेसियों से भी संवाद कर संगठन को लेकर उनके सुझाव और अनुभव जुटाए जाएंगे। अभियान के बाद तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी। जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि किसी भी संगठन में विरोध और असहमति होना स्वाभाविक है, लेकिन इसे संसदीय भाषा और लोकतांत्रिक तरीके से ही सामने रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने कार्यों का अवलोकन करने और संगठन को मजबूत करने के लिए नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने को आगे आने का आह्वान किया। शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि जिले में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को बंटने के बजाय एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करना होगा। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष युवक कांग्रेस कनिष्क पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल राय, फ्रंटल संगठनों के चेयरमैन अवनीश सलूजा समेत जिले के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।