लौहपुरुष की जयंती पर मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस
– अधिकारियों ने ली एकता की शपथ
फोटो परिचय- अधिकारियों को शपथ दिलातीं डीएम निधि गुप्ता वत्स। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151 वीं जयंती पर शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों व कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
डीएम ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के शिल्पकार व लौहपुरुष के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके आदर्शों व विचारों को आत्मसात कर देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में एडीएम वित्त एवं राजस्व विनय पाण्डेय, एडीएम न्यायिक सुनील कुमार, अपर उप जिलाधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।