विकसित भारत- पर जुटे पंचायत प्रतिनिधि,गांवों की तस्वीर बदलने को मंथन

 गांवों की तस्वीर बदलने को तेलियानी में मंथन
विकसित भारत-जी राम जी योजना पर जुटे पंचायत प्रतिनिधि
फोटो परिचय-  पंच सम्मेलन में भाग लेते जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह व अन्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज  फतेहपुर। ग्रामीण विकास को नई गति देने और गांवों में स्थानीय जरूरतों के मुताबिक टिकाऊ विकास कार्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास खंड तेलियानी के सभागार में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख तेलियानी, हसवा एवं खजुहा, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा, परियोजना निदेशक व उपायुक्त श्रम रोजगार अश्वनी कुमार सोनकर ने दीप प्रज्जवलित कर किया। जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा कि गांवों के विकास की प्राथमिकताएं स्थानीय जरूरतों और परिस्थितियों के आधार पर तय की जानी चाहिए। सीडीओ पवन कुमार मीणा ने कहा कि ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है। उपायुक्त श्रम रोजगार अश्वनी कुमार सोनकर ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली, नए प्रावधानों और जल संरक्षण से संबंधित कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख तेलियानी, हसवा व खजुहा, परियोजना निदेशक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं प्रशासक, ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
————————————– 

आज बंद रहेंगी शराब की दुकानें
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में शराब और भांग की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के आदेश पर 15 अगस्त को जनपद की सभी आबकारी दुकानें एवं संबंधित प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। आबकारी विभाग के अनुसार स्वतंत्रता दिवस पर देशी मदिरा, कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप, भांग और विकृत स्प्रिंट की सभी फुटकर दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा देशी मदिरा, विदेशी मदिरा, बीयर एवं भांग के थोक गोदामों पर भी बिक्री और संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। एफएल-49, एफएल-7 (बार) तथा शीरा आधारित औद्योगिक इकाइयों को भी बंद रखा जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्रता दिवस के लिए लागू की गई इस बंदी के एवज में आबकारी अनुज्ञापियों को किसी प्रकार का प्रतिकर देय नहीं होगा। आदेश का कड़ाई से पालन कराने के लिए आबकारी विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
————————————— 

 मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा
– पांच किलो दूषित लड्डू कराया नष्ट
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को सघन जांच अभियान चलाया। बूंदी के लड्डू की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शहर से लेकर हुसैनगंज तक नौ मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गुणवत्ता पर संदेह होने पर बूंदी के लड्डू के चार नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि हुसैनगंज में पांच किलोग्राम दूषित लड्डू मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ और जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य के निर्देशन में टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान तांबेश्वर मंदिर के पास स्थित नीरू पत्नी अजय कुमार और राममिलन पुत्र राकिशोर की मिठाई की दुकानों से बूंदी के लड्डू के एक-एक नमूने लिए गए। इसके बाद बुलट चौराहा स्थित हाइड एंड आउट्स स्वीट्स से भी बूंदी के लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। हुसैनगंज में नारायण स्वीट, विश्वास स्वीट और राहुल स्वीट का निरीक्षण किया गया। राहुल स्वीट से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया। जांच के दौरान पांच किलो दूषित लड्डू मिलने पर उसे तत्काल नष्ट कराया गया। विभागीय टीम ने सभी दुकानदारों को मिठाइयों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभियान में कुल चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद नमूनों में मिलावट अथवा गुणवत्ता मानक के विपरीत स्थिति पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, अनुराधा कुशवाह और देवेश मिश्रा मौजूद रहे।
———————————— 


ट्रकों की भिड़ंत में चालक व खलासी की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ एनएच-2 में ट्रकों की भिडन्त में खलासी की मौके पर मौत हो गयी जबकि चालक कानपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान प्रान्त के थाना परौली जिला भीलवाडा निवासी ट्रक चालक शोभाराम पुत्र भागचन्द्र मीणा अपने खलासी सावर लाल पुत्र किशोर लाल 22 वर्ष के साथ गुजरात के अजार से ट्रक में पुराने टायर लादकर बनारस आ रहा था। जैसे ही यह लोग सदर कोतवाली लखनऊ बाईपास एनएच-2 में पहुंचे तभी ट्रक से भिडन्त हो गयी जिससे खलासी सावर लाल की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि चालक शोभाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के सदर अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुये कानपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड दिया। वहीं पुलिस ने खलासी के शव को अपने कब्जे में लेते हुये विच्छेदन गृह भेज दिया।

———————————– 
 कच्ची छत ढही, मलबे में दबकर महिला की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव चिल्ली में सुबह बरामदे में बंधी बकरियों को खोलते समय मकान की कच्ची छत भरभरा कर ढह जाने से 55 वर्षीय वृद्धा की मलबे में दबकर मौत हो गयी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा है।
ग्राम चिल्ली निवासी राम बहादुर उत्तम के मकान से जुड़ा हुआ बड़े भाई स्व0 राम औतार के मकान के बरामदे में नित्य की भांति राम बहादुर की बकरियाँ बधी थी। जिन्हें चारा खिलाने के लिए शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे राम बहादुर की 55 वर्षीय पत्नी विष्मा देवी जेठ के बरामदे में बधी बकरियों को अपने यहाँ ले जाने के लिए गयी थी कि इसी बीच अचानक बरामदे की कच्ची छत भर भरा कर गिर गयी जिसमें बृध्दा मलवे में दब गयी। जब तक परिवार व मोहल्ले के लोग पहुँच कर मलबा हटाते ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी योगेश कुमार उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार यादव हमराही फोर्स के साथ पहुँच कर शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम हेतु भेजा जबकि बकरियाँ बरामदे में खड़े ट्राली रिक्सा के नीचे हो जाने से वह बाल बाल बच गयी। दिवंगत वृद्धा के तीन पुत्रियाँ है जिनका रो रोकर बेहाल है। सूचना पर हल्का लेखपाल मौके पर पहुँच कर जांच पड़ताल कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौपी है। क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल घटना की सूचना पर गाँव चिल्ली पहुँच कर शोकाकुल परिवार से मिल कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *