दस शातिर अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, खोली हिस्ट्रीशीट

  दस शातिर अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, खोली हिस्ट्रीशीट
– चोरी, लूट, फिरौती के मामलों में संलिप्त अपराधियों की होगी लगातार निगरानी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले में अपराध की दुनिया में सक्रिय अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने निगरानी का दायरा बढ़ा दिया है। चोरी, लूट, फिरौती के लिए अपहरण और कब्जे जैसे मामलों में संलिप्त दस अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर पुलिस ने उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इन अपराधियों के खिलाफ फतेहपुर समेत अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में 67 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इन अपराधियों को चिह्नित किया गया है। इनमें हुसैनगंज थाना क्षेत्र के चंदनापुर निवासी 22 वर्षीय शिवा उर्फ अविनाश पुत्र रामबाबू के खिलाफ गैंगस्टर और फिरौती के लिए अपहरण से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। हुसैनगंज क्षेत्र के मकदूमपुर मजरे गोवर्धनपुर निवासी 45 वर्षीय फूलचंद्र मौर्य पुत्र स्व. सुंदरलाल मौर्य के खिलाफ चोरी और लूट के नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, राधानगर थाना क्षेत्र के मदनपुर मजरे रारा निवासी 38 वर्षीय रवि गुप्ता पुत्र रघुनाथ गुप्ता के खिलाफ चोरी और कब्जे से संबंधित नौ मुकदमे दर्ज हैं। राधानगर क्षेत्र के गाजीपुर रोड निवासी 42 वर्षीय भास्कर सोनी उर्फ गोलू पुत्र जयराम सोनी के खिलाफ चोरी के तीन मुकदमे और इसी थाना क्षेत्र के विनोवानगर निवासी 31 वर्षीय दीप पुत्र अमृतलाल के खिलाफ चोरी के चार मुकदमे दर्ज हैं। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी बुजुर्ग निवासी 57 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र स्व. रामकुमार के खिलाफ चोरी के पांच मुकदमे दर्ज हैं, जबकि इसी गांव के 32 वर्षीय मुलेशान पुत्र मोहम्मद शफीक के खिलाफ चोरी और कब्जे से संबंधित सात मुकदमे दर्ज हैं। धाता थाना क्षेत्र के केटई गांव निवासी 46 वर्षीय गया प्रसाद पुत्र कृष्णा नंद के खिलाफ चोरी के पांच मुकदमे दर्ज हैं। खखरेरू थाना क्षेत्र के बरहटा गांव निवासी 26 वर्षीय सलमान पुत्र सलीम अहमद के खिलाफ चोरी के 12 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, बकेवर थाना क्षेत्र के जरारा गांव निवासी 34 वर्षीय छोटे लाल कुरी उर्फ छोटे कुरी उर्फ रविशंकर पुत्र भोला प्रसाद के खिलाफ चोरी के 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर खोली गई इन हिस्ट्रीशीट के जरिए पुलिस संबंधित अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखेगी, ताकि आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
—————————————-  
    सेप्टिक टैंक में डूबकर मासूम की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर रोड़ मीरापुर मोड़ के पास सेप्टिक टैंक में सात वर्षीय मासूम बच्चे की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने गोताखोरो व जाल की मदद से दो घंटे बाद शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रुना खुर्द निवासी ननकू अपना मकान फतेहपुर रोड़ मीरापुर मोड़ के सामने मकान बनवा कर परिवार सहित रह रहा है। मंगलवार की शाम कामता प्रसाद का बेटा अर्पित खेलते-खेलते बगल में बने हरिप्रसाद निवासी गाजीपुर के सेप्टिक टैंक के गड्ढे में जा गिरा। साथ ही खेल रहे बच्चों ने परिजनों से बताया जिसमें परिजनों व पड़ोसियों ने निकालने के हरसंभव उपाय कर चुके लेकिन गड्ढा जादा गहरा व पानी भरा होने से हरसंभव नाकाम रहे। फिर किसी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड के जवानों ने अपनी सूझबूझ गोताखोरों व जाल की मदद से लगभग दो घंटे बाद निकाल पाए। जिसमें आनन-फानन में रितिक को गाजीपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया जिसमें डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मां अनीता, बहन प्रतिज्ञा, अंजली व पायल आदि में चीख-पुकार मच गई। कामता प्रसाद के तीन बेटियां व एक ही बेटा था जो कक्षा दो का छात्र था। कामता प्रसाद जीवन यापन करने के लिए सात समुंदर पार सऊदी अरब में है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
—————————————- 
  जनरथ बस व ट्रैक्टर में भिड़ंत, दो घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के दतौली गांव के पास बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे फतेहपुर से बांदा जा रही अवध डिपो की जनरथ बस की ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई। हादसे में बस व ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दोनों वाहनों में सवार दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर से बांदा जा रही जनरथ बस दतौली गांव के पास पहुंची थी, तभी उसकी ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। हादसे में गोरखपुर निवासी अंजूमारा पत्नी स्वर्गीय जुबेर आलम और ट्रैक्टर चालक अनुराग सिंह पुत्र रामाजोर सिंह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची ललौली पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के बाद बांदा-सागर मार्ग पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रैक्टर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू हो सका।
————————————- 
करंट की चपेट में आकर किशोर की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम पलटू का पुरवा में मूर्ति विसर्जन के लिए ले जाते समय ट्रैक्टर ट्राली में उतर रहे करंट की चपेट में आ जाने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पलटू का पुरवा गांव निवासी स्व0 सौखीलाल का पुत्र अमन बुधवार की सुबह लगभग दस बजे मूर्ति विसर्जन के दौरान जैसे ही मूर्ति ट्रैक्टर में लादी गई वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————— —–
सड़क हादसे में कार सवार बैंक मैनेजर की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास ओवर ब्रिज में बुधवार की सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से चार पहिया में सवार यूको बैंक मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कानपुर नगर के थाना बर्रा गुजई, तात्या तोबे नगर निवासी ज्ञानदास का पुत्र शैलेन्द्र कौशांबी जनपद में स्थित यूको बैंक मैनेजर थे। बताते हैं कि छुट्टी खत्म होने के बाद वह अपने चार पहिया वाहन से कौशांबी जा रहे थे। बुधवार की सुबह वह जैसे ही लखनऊ बाईपास ओवर ब्रिज पर पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी दीपिका, छह वर्षीय पुत्री आभ्या वर्मा, दस वर्षीय पुत्र आरूष को छोड़ गया है। हादसे के बाद मां जयदेई का रो-रोकर बुरा हाल है।
————————————— —-
  किशोरी समेत दो ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत किशोरी समेत दो लोगों ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शवों को विच्छेदन हेतु भेजा है।
जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी फूलचन्द्र पाल की 15 वर्षीय पुत्री प्रियंका देवी ने बुधवार की सुबह नौ बजे उस वक्त घर के अंदर फांसी लगा लिया जब घर के सभी लोग खेतों में काम करने निकल गए थे। इसी प्रकार गाजीपुर थाना क्षेत्र के बवारा सरकी गांव निवासी चुनका का 25 वर्षीय पुत्र संदीप ने बीती रात घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस मंे मृतक संदीप के दादा संजीत ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। रात मंे नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहा था। जिस पर उसने घटना को अंजाम दे दिया। आज सुबह नौ बजे घटना की जानकारी हुई।
—————————————- 
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाब में नहाने उतरे पांच किशोर, तीन की मौत
– त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, दो किशोरों की हालत गंभीर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिस दिन गांव में मां दुर्गा की विदाई के साथ खुशियों व आस्था का माहौल था, उसी दिन एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। दशहरा के दिन दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाब में नहाने उतरे पांच किशोर गहरे पानी में समा गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने आनन-फानन में बचाव शुरू किया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से पांचों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीन किशोरों की सांसें थम चुकी थीं। दो अन्य किशोरों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। त्योहार के बीच तीन किशोरों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के बैजूपुर मजरे कटोघन गांव में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए बुधवार दोपहर दर्जनों ग्रामीण गांव के किनारे स्थित तालाब पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन के बाद गांव निवासी बबलू साहू का 17 वर्षीय बेटा राजन साहू, गोवर्धन का 17 वर्षीय बेटा अभिमन्यु और आदित्य का 16 वर्षीय बेटा राजू अपने साथी यशवंत और हर्ष के साथ तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान पांचों किशोर गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। किशोरों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से सभी को तालाब से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद पांचों किशोरों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राजन साहू, अभिमन्यु और राजू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, यशवंत और हर्ष की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में त्योहार की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं। तीन किशोरों की मौत की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। दशहरा के दिन हुआ यह दर्दनाक हादसा तीन परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *