फॉर्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर तीन अधिकारियों का रूका वेतन

     फॉर्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर तीन अधिकारियों का रूका वेतन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने गुरुवार को तहसीलवार ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यों में शिथिलता मिलने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए बीडीओ विजयीपुर, बीडीओ बहुआ और एआर कोऑपरेटिव के अनुपस्थित रहने पर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और खंड विकास अधिकारियों से ग्रामसभा स्तर पर फॉर्मर रजिस्ट्री और जनगणना संबंधी कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि डीडीएजी द्वारा उपलब्ध कराई गई ग्रामसभा वार सूची के अनुसार सभी एसडीएम लेखपालों के साथ नियमित समीक्षा करें और कार्य में तेजी लाएं। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विकास खंडों में मृतकों के मृत्यु प्रमाणपत्र संकलित कर संबंधित तहसीलदार को सूची उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी बीडीओ मृतकों की सूची सीधे डीडीएजी को नहीं देगा, बल्कि समस्त सूची संबंधित तहसीलदार को ही सौंपी जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने ब्लॉकवार मृतकों की संख्या की भी जानकारी ली और कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तल्लीनता और ईमानदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
——————————————- 


  टीबी हारेगा, देश जीतेगा के नारे को करें साकार
– मदर सुहाग एजूकेशन इंटर कालेज में बच्चों को किया जागरूक
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मदर सुहाग एजूकेशन इंटर कालेज बाईपास में सौ दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित छात्रों को जिला क्षयरोग अधिकारी ने टीबी रोग के प्रति जागरूक किया। उन्होंनें बताया कि जनपद में 24 मार्च से अभियान चल रहा है। जिसमें टीबी के लक्षण जैसे दो हफ्ते से लगातार खांसी आना, बुखार का आना, रात में पसीना आना, बलगम या बलगम के साथ खून का आना, सीने में दर्द होना, वजन का कम होना, मूख न लगना, गर्दन में गिल्टी/गांठे आदि लक्षण होने पर अपने पास के किसी भी सरकारी हास्पिटल में जाकर बलगम की जांच करायें। यदि जांच में टीबी की पुष्टि होती है तो सरकारी हास्पिटल से निःशुल्क दवा शुरू करें। साथ ही भारत सरकार एक अप्रैल 2018 से प्रत्येक टीबी मरीज को इलाज के दौरान सरकारी व प्राइवेट 1000 रूपए पोषण आहार के लिये प्रतिमाह दिया जाता है। साथ ही विद्यालय के छात्रों ने भी टीबी के बारे में अपने-अपने विचार रखे। अंत में सभी उपस्थित छात्रों एवं शिक्षकों अनुरोध किया कि इस जानकारी को अपने तक न सीमित रखके इस जानकारी को अपने आस-पास के लोगों को भी दे जिससे कि आम जनमानस टीबी के प्रति जागरूक हो सके तथा माननीय प्रधानमंत्री जी के संकल्प को साकार किया जा सकें। आप सभी के सहयोग से टीबी हारेगा, देश जीतेगा के नारे को साकार किया जा सकता है।
—————————————- 


 जिले में तेरह एग्री जंक्शन केन्द्र खोलने का प्रस्ताव
– तीस मई तक आवेदन करें कृषि स्नातक
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। उप कृषि निदेशक ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा कृषि स्नातकों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेश के साथ-साथ कृषि प्रसार सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलम्बन (एग्रीजंक्शन) योजना संचालित है। जनपद में वर्ष 2026-27 में कुल 13 एग्री जंक्शन केन्द्र खोलने का प्रस्ताव है।
उन्होने बताया कि जिले में निवास करने वाले बेरोजगार जो कृषि एवं सहबद्ध विषयों यथा कृषि व्यवसाय प्रबन्धन-उद्यान, पशुपालन, वानिकी, दुग्ध, पशुचिकित्सा, मुर्गी पालन, जो कृषि एवं सहबद्ध विषयों यथा कृषि व्यवसाय प्रबन्धन, उद्यान, पशुपालन, वानिकी, दुग्ध, पशुचिकत्सा, मुर्गी पालन जो किसी राज्य/केन्द्रीय विश्वविद्यालय या किसी अन्य विश्वविद्यालयों से डिग्रीधारी हैं जो आई०सी०ए०आर० व यू०जी०सी० द्वारा मान्यता प्राप्त हों, इस योजना के पात्र होंगे। आयु 40 वर्ष से अधिक न हो अनुसूचित जाति, जनजाति एवं महिलाओं को आयु में अधिकतम 05 वर्ष की छूट है। जनपद स्तर पर जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा लाभार्थियों का चयन किया जायेगा। आवेदनकर्ता द्वारा विभागीय वेबसाइट पर दिये गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन किया जायेगा। आवेदन हेतु जन्म प्रमाण पत्र (हाईस्कूल मार्कसीट), आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, शपथ-पत्र, इंटरमीडिएट मार्कसीट, स्नातक मार्कशीट आदि आवश्यक दस्तावेज की ऑनलाइन करने हेतु जरूरत होगी। आवेदन करने की अन्तिम तिथि 30 मई है। आवेदन करने हेतु कोई भी शुल्क देय नहीं होगा। इच्छुक कृषि स्नातक उपरोक्त विभागीय वेबसाइड पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
—————————————— 


  तमंचा-कारतूस के साथ शातिर गिरफ्तार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना किशनपुर पुलिस ने गुरुवार को एक शातिर अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार थाना किशनपुर पुलिस टीम ने अभियान के दौरान शिव औतार उर्फ शिवा निषाद पुत्र राम प्रकाश निषाद निवासी बडहर का पुरवा सुरवल थाना सरधुआ जनपद चित्रकूट को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना किशनपुर में मु0अ0सं0 116/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय रवाना कर दिया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भुवनेश्वर यादव, उपनिरीक्षक तहसीलदार तिवारी, कांस्टेबल अमन कुमार शामिल रहे।
——————————————– 


   बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के छीमी पुरइन एचएन-2 पर गुरूवार की दोपहर बाइकों की भिड़ंत में 35 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली के ग्राम बेंचू का पुरवा मजरे करमेपुर गांव निवासी कामता प्रसाद का पुत्र भैरव प्रसाद गुरूवार की दोपहर की बाइक से किसी काम से जा रहा था। जब वह छीमी पुरइन के समीप एनएच-2 पर पहुंचा तभी सामने से तेज रफ्तार आ रही बाइक से भिड़ंत हो गयी। जिससे भैरव प्रसाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के मामा मनोहर ने दी है।
—————————————— 


 संदिग्ध हालत महिला ने जहर खाकर दी जान
– मामा ने पति सहित ससुरालीजनों पर मार डालने का लगाया आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चौधकियापुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 22 वर्षीय महिला ने जरीला पदार्थ खा लिया। जिसको इलाज के लिए कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गयी। मृतका के मामा ने पति समेत ससुरालीजनों पर मारने पीटने व जबरन जहर खिलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने पति सास, ससुर व जेठ को पूंछतांछ हेतु हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार चौधकियापुर गांव निवासी अंशू की पत्नी राधा देवी ने बुधवार की शाम संदिग्ध अवस्था में जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगडने लगी तो ससुरालीजन उसे शहर के लोधीगंज स्थित नैंसी हास्पिटल में भर्ती कराया। जहां हालत न ठीक होने पर भोर पहर कानपुर के लिए रेफर कर दिया। तभी रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका का मामा लालमन निवासी बेरूईहार थाना कोतवाली ने पति व ससुरालीजनों पर आरोप लगाते हुए बताया कि उसने अपनी भांजी की शादी 5 जून 2020 में की थी। साथ ही हैसियत के अनुसार अच्छा दहेज दिया था लेकिन संतान न होने के कारण पति उसको बेरहमी से पीटता था उसने आरोप यह भी लगाया कि दो दिन पूर्व उसकी भांजी गांव में ही रिश्तेदारी में शादी मंे आई थी। बताते है कि कल पति आया शराब के नशे में और जबरन उसे लेकर ससुराल ले आया और पानी वाले पाईप से जमकर पिटाई कर दी और जबरन उसके मुह में जहर डाल दिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसने यह भी बताया कि हालत बिगडने पर पति अपने ही जान पहचान व दूर के रिश्तेदार लगने वाले नैन्सी हास्पिटल ले गये जहां हस्पिटल संचालक विनय लोधी यहां ले गया। जहां उसकी हालत और बिगड़ गयी। सुबह कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
——————————————– 


 घायल किशोर की इलाज दौरान मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। छिवलहा चौकी क्षेत्र व थाना हथगाम के अंतर्गत गोसाईं की सराय मजरे गौसपुर में बाइक सवार ने दस वर्षीय एक बालक को टक्कर मार दी और दूर तक घसीटते हुए ले गया। बाद में इलाज के दौरान बालक की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा सहित पोस्मार्टम की कार्यवाही पूरी की। मौके पर सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार दीपक सविता का 10 वर्षीय पुत्र विहान नए प्लाट में सड़क के किनारे खड़ा था। तभी बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मारते हुए दूर तक घसीट कर ले गया। घायल अवस्था में बालक को सदर अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया लेकिन बालक की जान नहीं बचाई जा सकी। दस वर्षीय विहान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आगे की विधिक कार्यवाही पूरी की।
………………………………………………….


अपना दल एस की बैठक में संगठन मजबूती पर दिया बल
– पदाधिकारी अपने क्षेत्र में नियुक्त करेंगे बूथ व सेक्टर अध्यक्ष
– कार्यकर्ता घरों व गाड़ियों में लगाये नेम प्लेट व झंडा-स्टीकर
फोटो परिचय- (2) जिला कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते वक्ता।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। अपना दल एस की जिला कार्यकारणी की बैठक जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिसमें संगठन मजबूती पर चर्चा करने के साथ आगामी विधानसभा तैयारियों को लेकर रणनीति तय की गई।
गुरुवार को पटेल नगर स्थित कैम्प कार्यालय में अयोनित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल ने कार्यक्रतओ से आह्वान किया कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए तैयारियों में जुट जाये। बैठक में निर्णय किया गया कि सभी पदाधिकारी अपने अपने क्षेत्रों के सेक्टर व बूथ अध्यक्ष नियुक्त करेंगे। विधानसभा को मजबूत करने के लिये विधानसभा अध्यक्ष जल्द से जल्द अपनी कमेटियां गठित कर उन्हें जिलाध्यक्ष के पास अनुमोदन के लिए भेजे। अब तक जितने जोनल अध्यक्ष बने है उनकी लिस्ट कार्यालय भेजी जाय। सभी पदाधिकारी अपनी गाड़ी में पार्टी के झंडा व अपने घरों के दरवाजों पर नेम प्लेट झंडा व स्टीकर अवश्य लगवाए, विधानसभा अध्यक्ष विधानसभा जोनल अध्यक्षों के साथ बैठक करे। सभी विधानसभा अध्यक्ष कार्रवाई रजिस्टर अवश्य बनायें, सभी विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन की करना व साइकिल एव मोटर साइकिल जुलूस निकाले जाने समेत अन्य कार्यक्रमो की रूपरेखा बनाई गयी। इस मौके पर योगेंद्र सिंह राणा, सर्वेश पटेल, सुमन सिंह, बृजेश पाल, अरुण पटेल, शिवसागर निषाद, अनिल उमराव, लाखन पटेल, शिव सिंह, हेमंत पटेल, रेणु देवी, कांति कुशवाहा, विनोद कुशवाहा, पुष्पराज सिंह, कमल सिंह, राजेन्द्र प्रताप, अभय सिंह, बीरेंद्र सिंह पटेल, राजेश पटेल, शिवम पटेल, हंसराज पाल, राम सिंह पाल, देवांशु पटेल, राजू पटेल, सुनील पटेल आदि रहे। संचालन जिला महासचिव अरुन पटेल ने किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *