भाजपा जनसुनवाई में गूंजी जनता की आवाज, मुद्दों पर हुई सुनवाई

     भाजपा जनसुनवाई में गूंजी जनता की आवाज
– बिजली व उत्सव भवन समेत कई मुद्दों पर हुई सुनवाई
फोटो परिचय- कार्यालय में जनसुनवाई करते भाजपाई।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी के जेल रोड स्थित जिला कार्यालय में गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं पार्टी पदाधिकारियों के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में दिवस प्रभारी के रूप में जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भदौरिया एवं जिला महामंत्री सुशीला मौर्या ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर उनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के बरौहां गांव निवासी सुशील कुमार ने विद्युत विभाग द्वारा कथित रूप से गलत तरीके से बिजली लाइन खींचे जाने से उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर लिखित शिकायत सौंपी। भाजपा पदाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर नियमानुसार समाधान कराने की बात कही। वहीं ग्राम बेनू के पूर्व प्रधान मुन्ना कुशवाहा ने उत्सव भवन के स्थान परिवर्तन से जुड़ी शिकायत दर्ज कराते हुए पुनर्विचार की मांग की। जनसुनवाई में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने बिजली, सड़क, विकास कार्यों तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे उठाए। पार्टी पदाधिकारियों ने सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और संगठन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं तथा जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करना है। इस अवसर पर रामप्रकाश गुप्ता, मंजू शुक्ला, विनोद गौतम सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *