चार दिन से गांव में अंधेरा, बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

    चार दिन से गांव में अंधेरा, बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

सलैया बुजुर्ग में बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन, ट्रांसफार्मर लगाने की मांग

संवाददाता दीपक धुरिया जालौन कोंच (जालौन)  सलैया बुजुर्ग गांव में लगातार चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा। विद्युत संकट से परेशान दर्जनों ग्रामीण सोमवार को कोंच तहसील स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव की विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए 250 केवीए का ट्रांसफार्मर स्वीकृत किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर स्थापित नहीं किया गया। चार दिनों से बिजली न आने के कारण घरों में अंधेरा पसरा है और ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के साथ पेयजल सहित अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों ने एसडीएम को लिखित शिकायती पत्र सौंपते हुए तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल कराने और स्वीकृत 250 केवीए ट्रांसफार्मर जल्द स्थापित कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *