गेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक करते एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण
गेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक करते एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण
एडीजी ने दौरा कर की कानून व्यवस्था व यक्ष ऐप की समीक्षा
फोटो परिचय- गेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक करते एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में गुरुवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण का आगमन हुआ। पुलिस लाइन पहुंचने पर रिज़र्व पुलिस लाइन में गार्द द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई।
इसके बाद एडीजी ने पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के साथ रिज़र्व पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में बीट आरक्षियों के साथ यक्ष ऐप के संबंध में विस्तृत गोष्ठी एवं समीक्षा बैठक की। बैठक में ऐप के प्रभावी उपयोग, फील्ड स्तर पर आ रही चुनौतियों और सुधार के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आरक्षियों से सीधा फीडबैक लिया गया। एडीजी ने जनपद के राजपत्रित अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल सिंह सहित समस्त क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन से बेहतर संवाद स्थापित किया जाए। दौरे को लेकर पुलिस महकमे में सक्रियता का माहौल रहा और अधिकारियों ने इसे कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।