उरई में आवारा कुत्तों का हमला, आठ बकरियों की मौत

      उरई में आवारा कुत्तों का हमला, आठ बकरियों की मौत
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई। जालौन जनपद के उरई शहर में आवारा कुत्तों के हमले से बकरी पालक को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उरई कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम चौकी के समीप स्थित काशीराम कॉलोनी में बीती रात आवारा कुत्तों के झुंड ने बकरी पालक छोटे मंसूरी की आठ बकरियों को मार डाला।
जानकारी के अनुसार, रात के समय कुत्तों का झुंड बाड़े में घुस आया और बकरियों पर हमला कर दिया। सुबह जब छोटे मंसूरी बाड़े में पहुंचे तो वहां खून बिखरा पड़ा था और सभी बकरियाँ मृत अवस्था में मिलीं। घटना से परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित छोटे मंसूरी ने बताया कि बकरी पालन ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है। एक ही रात में हुए इस नुकसान से उन्हें लाखों रुपये की क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आए दिन हमले और काटने की घटनाएँ सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय व्याप्त है। कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका से आवारा कुत्तों को पकड़ने, नसबंदी अभियान चलाने और प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
इस संबंध में नगर पालिका की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय नागरिकों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *