विभाग की छापेमारी, चिप्स, घी, बेसन व मैदा के नमूने जांच को भेजे

   होली से पूर्व खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, चिप्स, घी, बेसन व मैदा के नमूने जांच को भेजे
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन —  आगामी होली त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद की विभिन्न तहसीलों में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अलग-अलग प्रतिष्ठानों से चिप्स, घी, बेसन, मैदा सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ (उ0प्र0) तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार एवं सहायक आयुक्त (खाद्य) जालौन डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम त्योहार के मद्देनजर पूरी तरह सक्रिय है। विभाग का उद्देश्य आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
जालौन तहसील क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान मुख्य बाजार जालौन स्थित पूरन चंद्र पुरवार के प्रतिष्ठान से आलू चिप्स का नमूना, सब्जी मंडी जालौन में नीरज ट्रेडर्स (प्रो. पंकज कुमार) से घी का नमूना, मोहल्ला काशीनाथ में सतीश चंद्र गुप्ता के प्रतिष्ठान से बेसन का नमूना तथा संजय चौरसिया के प्रतिष्ठान से मैदा का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त सुभाष ट्रेडर्स से कचरी तथा मदारीपुर स्टैंड स्थित बालाजी फास्ट फूड कॉर्नर से चटनी का नमूना भी संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि कोई नमूना मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध Food Safety and Standards Act, 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और होली तक जनपद के विभिन्न बाजारों में सघन निरीक्षण किया जाएगा, ताकि त्योहार के अवसर पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
अभियान के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, अनिल कुमार शंखवार एवं महेश प्रसाद सहित विभागीय टीम उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *