कालपी में कागज फैक्ट्री में भड़की भीषण आग, चिंगारी बनी वजह
कालपी में कागज फैक्ट्री में भड़की भीषण आग, चिंगारी बनी वजह
कालपी में कागज फैक्ट्री में भड़की भीषण आग, हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी बनी वजह दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन/कालपी। कालपी नगर में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एनएच-27 किनारे बुंदेलखंड गार्डन के पास स्थित एक कागज फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब 10:30 बजे मु. हरिगंज पुराना पुल व कालेंद्री ढाबा के समीप उठती लपटों ने कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री को आग के गोले में तब्दील कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी सीधे फैक्ट्री परिसर में जा गिरी। अंदर भारी मात्रा में रखे गुदड़, रद्दी कागज और अन्य ज्वलनशील सामग्री ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
लाखों का नुकसान, कर्मचारियों में भगदड़
आग की लपटें उठते ही फैक्ट्री कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का कागज और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फैक्ट्री इश्तियाक और प्रशांत की बताई जा रही है। मालिकों ने आरोप लगाया कि खुले में लटक रहे बिजली के तारों से निकली चिंगारी के कारण यह हादसा हुआ।
दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल टीम के चालक मानवेंद्र सिंह, गोविंद सिंह, गार्ड देवीशरण और जिमी पाल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य चलाया।
प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।