होली पर स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई – जनपद में होली पर्व के मद्देनज़र जनपद में चिकित्सा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, ट्रॉमा यूनिट, सामान्य वार्ड सहित विभिन्न चिकित्सा कक्षों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होली के दौरान आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहें। विशेष रूप से सड़क दुर्घटना एवं अन्य आकस्मिक मामलों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त भंडारण, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता और ड्यूटी रोस्टर की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ समय से उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि होली जैसे बड़े पर्व पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार रहे, ताकि आमजन को तत्काल और प्रभावी चिकित्सा सुविधा मिल सके।

