जिलाधिकारी ने जिला पुरुष चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण

     जिलाधिकारी ने जिला पुरुष चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन  (उरई) —  जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार प्रातः जिला पुरुष अस्पताल उरई का औचक निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों, बाह्य रोगी विभाग, आपातकालीन कक्ष, औषधि वितरण कक्ष तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें समय पर दवाइयां मिल रही हैं या नहीं तथा चिकित्सक और परिचारिका द्वारा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती जा रही है। इस पर मरीजों ने उपचार व्यवस्था को संतोषजनक बताया।
जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय जैसे संवेदनशील स्थानों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि संक्रमण और बीमारियों के फैलाव को रोका जा सके।


औषधि वितरण कक्ष का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने उपलब्ध दवाइयों की भंडार पंजिका का भी अवलोकन किया। उन्होंने औषधि वितरक को निर्देश दिया कि आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों तथा कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की। उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी कर्मचारी समय से अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *