विश्व दिव्यांग दिवस पर राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित

    विश्व दिव्यांग दिवस पर राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने जानकारी दी कि आगामी तीन दिसम्बर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
अधिकारी के अनुसार पुरस्कार हेतु प्रमुख श्रेणियों में दक्ष दिव्यांग कर्मचारी/स्वनियोजित दिव्यांगजन, दिव्यांगजन के लिए सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता एवं प्लेसमेंट एजेंसी, दिव्यांग हित में कार्यरत श्रेष्ठ व्यक्ति एवं संस्था, प्रेरणास्त्रोत, नवाचार एवं उत्पाद विकास, बाधामुक्त वातावरण निर्माण, पुनर्वास सेवाओं में उत्कृष्ट जिला, सृजनशील दिव्यांग वयस्क एवं बालक/बालिका, सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस, दिव्यांग अनुकूल वेबसाइट, उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ी तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण में कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी शामिल हैं। राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के अंतर्गत विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी एवं संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र की तीन प्रतियां तैयार कर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या 23 विकास भवन में किसी भी कार्य दिवस पर जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8189038778 पर संपर्क किया जा सकता है।
————————————- 
 पीआरवी ने मानवीय संवेदनशीलता का पेश किया उदाहरण
– घायलों को पहुंचाया सीएचसी, समय से इलाज मिला तो बच गई जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में यूपी-112 की पीआरवी 5614 ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। बीते गुरूवार को थाना हुसैनगंज क्षेत्र के हुसैनगंज-हथगाँव रोड पर एक ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पीआरवी-5614 की टीम ने बिना एक पल भी गंवाए मौके पर दौड़ लगाई। टीम के कर्मियों ने घायलों की हालत देखते हुए तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस की प्रतीक्षा किए बिना स्वयं दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम पहुंचाया। समय पर मिली चिकित्सा सहायता से दोनों घायलों की जान बच गई। इस त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही की स्थानीय लोगों तथा सूचना देने वाले व्यक्ति ने खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि पीआरवी टीम थोड़ी भी देरी करती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। पीआरवी 5614 की टीम में कमांडर मुख्य आरक्षी अंजनी कुमार त्रिपाठी, पायलट आरक्षी आलोक मौर्या, पायलट होमगार्ड मनोज कुमार शामिल रहे। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि यूपी-112 की टीमें जनसेवा और आपात स्थिति में हमेशा तत्पर रहती हैं। उन्होंने सभी पीआरवी कर्मियों को प्रोत्साहित किया और कहा कि ऐसी त्वरित कार्रवाई ही आम जनमानस में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाती है।
————————————– 
शादी के कार्ड बांटने जा रहे मौसा-भतीजे की सड़क हादसे में मौत
– डंपर ने मारी टक्कर, पांच मई को होनी थी शादी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– ललौली थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसे में मौसा-भतीजे की मौत हो गई। हादसा शंकरपुर गांव के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार मुन्ना निषाद 50 वर्ष निवासी ख़दरी थाना जाफरगंज अपने बेटे की पांच मई को होने वाली शादी के निमंत्रण पत्र बांटने निकले थे। उनके साथ उनके साढ़ू का बेटा बालकरन 35 वर्ष निवासी देवरी थाना जाफरगंज भी था। दोनों बाइक से कार्ड बांटने जा रहे थे। इसी दौरान शंकरपुर गांव के सामने पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची ललौली थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी प्रमोद राव ने बताया कि टक्कर मारने वाले डंपर की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
————————————– 
युवक ने फांसी लगाकर जीवनलीला की समाप्त
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– बिन्दकी कोतवाली के मुहल्ला महाजनी गली लोहारी में गुरूवार की देर शाम 21 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार जालौन जनपद के थाना माधवगढ़ गांव मेहानी निवासी मूलचन्द्र राठौर का पुत्र विकास राठौर काफी समय से बिन्दकी कोतवाली के महाजनी गली लोहारी में रहता था। बताते हैं कि गुरूवार की देर शाम घर के अंदर उसने उस समय फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली जब घर के सभी लोग अपने-अपने काम से बाहर गए थे। वापस लौटने पर जब परिजनों की नजर कमरे में फांसी पर लटके विकास पर पड़ी तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————— 
   मासूम बच्ची पर आवारा कुत्ते ने किया हमला
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर मुहल्ले में शुक्रवार की दोपहर घर के बाहर खेल रही मासूम बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला बोल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया।
जानकारी के अनुसार शादीपुर मुहल्ला निवासी अय्यूब की पुत्री सिदरा शुक्रवार की दोपहर घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने उस पर हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजनों ने मौके पर पहुंचे और किसी तरह से कुत्ते से बच्ची को छुड़ाया और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
—————————————- 
  बाइकों की भिड़ंत में युवक घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर–  गाजीपुर थाना क्षेत्र के खनसेनपुर सुकेती के समीप बाइकों की भिड़ंत में 28 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार थाने के लमहेटा गांव निवासी धर्म प्रकाश का पुत्र दुर्गेश गुरूवार की शाम बाइक से कस्बा किसी काम से जा रहा था। जब वह खनसेनपुर सुकेती के पास पहुंचा तभी सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *