जनपद में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध – डीएम

     जनपद में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध – डीएम

सुदृढ़ आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

जनपदवासियों से अपील – अफवाहों पर न दें ध्यान, गैस आपूर्ति पूरी तरह सुचारु

दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन जनपद — एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच जिलाधिकारी ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने गैस एजेंसियों, आपूर्ति विभाग के अधिकारियों तथा व्यापारियों/उद्यमियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 35 गैस एजेंसियों के माध्यम से 3,52,748 घरेलू तथा 740 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में 9603 एलपीजी रिफिल और 611 कमर्शियल सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे होम डिलीवरी व्यवस्था को समयबद्ध और पारदर्शी बनाएं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एजेंसियों पर आवश्यक जानकारी, एडवाइजरी और पंपलेट भी प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही गैस बुकिंग प्रणाली को सुचारु बनाए रखने और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान न करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और कड़ा करते हुए सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को गैस एजेंसियों के कार्यालयों व गोदामों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। स्टॉक की आमद, वितरण और अवशेष का प्रतिदिन सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या डायवर्जन की किसी भी शिकायत पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी पुष्टि की कि जनपद में एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। वहीं व्यापारियों और उद्यमियों ने भी घरेलू एवं व्यावसायिक दोनों प्रकार के सिलेंडरों की उपलब्धता को संतोषजनक बताया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पेट्रोल पंपों व संबंधित प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि अराजक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला, तेल कंपनियों के प्रतिनिधि एवं जनपद के व्यापारी/उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *