कारागार पर डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण सुरक्षा, सुविधाओं की परखी हकीकत
कारागार पर डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण सुरक्षा, सुविधाओं की परखी हकीकत
जिला कारागार पर डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व सुविधाओं की परखी हकीकत “लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बंदियों को मिलें मानक सुविधाएं” दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन हमीरपुर– जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों, रसोईघर, अस्पताल कक्ष, सुरक्षा चौकियों और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को परखते हुए अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने कारागार प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बंदियों को मानकों के अनुरूप भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और साफ-सुथरा वातावरण हर हाल में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जेल परिसर में नियमित साफ-सफाई, बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण और संवेदनशील कैदियों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि जेल सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने गेट चेकिंग को सख्ती से लागू करने, मुलाकात व्यवस्था को पारदर्शी रखने, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक नीरज देव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कारागार स्टाफ मौजूद रहे।