माता भूमि: पुत्रो अहं पृथिव्या, विश्व पृथ्वी दिवस पर पृथ्वी संवाद का हुआ आयोजन

     माता भूमि: पुत्रो अहं पृथिव्या, विश्व पृथ्वी दिवस पर पृथ्वी संवाद का हुआ आयोजन

   पृथ्वी दिवस पर ‘पृथ्वी संवाद’, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

 एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– विकास खंड धाता के ग्राम गुरसंडी स्थित निष्पक्ष देव विद्या मंदिर कॉलेज में मंगलवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर ‘पृथ्वी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बुंदेलखंड राष्ट्र समिति, गंगा समग्र, पर्यावरण गतिविधि एवं विद्या भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पर्यावरण पहरूवा प्रवीण पांडेय ने कहा कि पृथ्वी हमारी माता है और समस्त जीवों की जीवनदायिनी है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के अंधाधुंध दोहन से प्राकृतिक संतुलन तेजी से बिगड़ रहा है। यदि समय रहते हम नहीं चेते तो भविष्य में मानव जीवन के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।


उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जाए तथा जल स्रोतों, पेड़ों और पारंपरिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह भी बताया कि वे लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण के लिए संघर्षरत हैं और जनजागरूकता के लिए अब तक 52 बार खून से पत्र लिख चुके हैं। उनकी पुस्तक “जलनिधियों को जीने दो” को जलशक्ति मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने प्रकृति संरक्षण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
प्रतियोगिता में प्रिया तिवारी, साधी पाण्डेय, वेदान्त सिंह, शिवानी देवी, लक्ष्मी देवी, नैन्सी देवी, सोनालिका देवी, प्रज्ञा देवी, रचना देवी, प्रतिमा देवी, सोनिका देवी, गीता देवी, रोशनी देवी, आकांक्षा देवी, निधि सिंह सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिकों की सहभागिता रही। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पृथ्वी एवं पर्यावरण की रक्षा करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *