सीईआईआर पोर्टल से बीस लाख रूपए कीमत के 132 मोबाइल बरामद
सीईआईआर पोर्टल से बीस लाख रूपए कीमत के 132 मोबाइल बरामद
खोए मोबाइल मिले, चेहरों पर लौटी खुशी
– सीईआईआर पोर्टल से बीस लाख रूपए कीमत के 132 मोबाइल बरामद
– पोर्टल आमजन के लिए बेहद उपयोगी, शिकायत मिलते ही शुरू हो जाती ट्रैकिंग: एसपी
फोटो परिचय- एसपी के हाथों खोया मोबाइल लेती महिला। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गुम व चोरी हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीईआईआर पोर्टल की मदद से जनपद पुलिस ने कुल 132 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई। लाभार्थियों ने फतेहपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रभावी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कोई भी व्यक्ति सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अपने गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत स्वयं ऑनलाइन दर्ज करा सकता है। शिकायत दर्ज होते ही सूचना संबंधित थाने को स्वतः प्रेषित हो जाती है। इसके बाद पुलिस मोबाइल की लोकेशन और उपयोग की निगरानी शुरू कर देती है। उन्होंने बताया कि पोर्टल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यदि फतेहपुर से गुम हुआ मोबाइल किसी अन्य जनपद या राज्य में उपयोग हो रहा हो, तो वहां की संबंधित पुलिस इकाई को स्वतः सूचना पहुंच जाती है। इसी आधार पर मोबाइल की रिकवरी संभव हो पाती है। एसपी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तत्काल पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल बरामद होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और सभी थानों की सीसीटीएनएस टीमों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग और समन्वित प्रयासों के चलते यह सफलता हासिल हुई। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल विभिन्न कंपनियों के हैं, जिन्हें जनपद के अलावा गैर-जनपदीय क्षेत्रों और अन्य राज्यों से रिकवर किया गया।
इनसेट- थानों से बरामद मोबाइलों का विवरण
कोतवाली 09, मलवां 08, हुसैनगंज 02, बिंदकी 19, कल्यानपुर 04, बकेवर 05, जहानाबाद 04, औंग 05, खागा 11, खखरेरू 03, सुल्तानपुर घोष 04, किशनपुर 04, धाता 03, थरियांव 06, असोथर 10, हथगांव 05, राधानगर 08, जाफरगंज 02, गाजीपुर 11, ललौली 01 तथा चांदपुर थाना क्षेत्र से 08 मोबाइल फोन बरामद किए गए।