सुमेरपुर में निर्माण कार्य के दौरान पिता-पुत्र पर खूनी हमला, मारने की धमकी

      सुमेरपुर में निर्माण कार्य के दौरान पिता-पुत्र पर खूनी हमला, मोबाइल तोड़कर दी जान से मारने की धमकी

संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — जनपद के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक प्लॉट पर निर्माण कार्य के लिए ईंटें उतरवाते समय पिता-पुत्र पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. दबंगों ने न केवल मारपीट कर पिता-पुत्र के सिर फोड़ दिए, बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.
ईंट उतरवाते समय हुआ विवाद
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, कस्बे के वार्ड संख्या 16 निवासी संजय गुप्ता ने नारायणपुर गांव के पास एक प्लॉट खरीदा था. 9 मई को दोपहर करीब 2 बजे जब वह अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य के लिए ईंटें उतरवा रहे थे, तभी वहां गांव के ही कुछ दबंग आ धमके.
डंडों और ईंटों से किया हमला
नारायणपुर निवासी पूरन सिंह, हिमांशु सिंह, अरुण सिंह और मगन सिंह ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी और निर्माण कार्य रोकने का दबाव बनाने लगे. संजय गुप्ता द्वारा विरोध किए जाने पर चारों आरोपियों ने मिलकर ईंटों और डंडों से हमला कर दिया, जिससे संजय और उनके पुत्र नमन गुप्ता के सिर में गंभीर चोटें आईं.
वीडियो बनाने पर छीना मोबाइल
जब संजय के पुत्र नमन गुप्ता ने अपने मोबाइल से इस पूरी मारपीट का वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उनसे मोबाइल छीन लिया और उसे जमीन पर पटक कर तोड़ दिया. आरोपी जाते-जाते पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे गए.
पुलिसिया कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई. पुलिस ने संजय गुप्ता की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों—पूरन सिंह, हिमांशु सिंह, अरुण सिंह और मगन सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *