शिविर में व्यापारियों की समस्याओं का मौके पर समाधान

   शिविर में व्यापारियों की समस्याओं का मौके पर समाधान
– डिजिटल जनगणना के लिए भी किया जागरूक
फोटो परिचय-  शिविर में भाग लेते व्यापारी व खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन के कर्मी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। उत्तम उद्योग व्यापार मंडल एवं खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ज्वालागंज स्थित कौशल्या होटल में विशेष व्यापारी सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य व्यापारियों को खाद्य लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान उपलब्ध कराना तथा डिजिटल जनगणना के तहत सेल्फ-एन्युमरेशन (स्व-गणना) के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में व्यापारियों एवं आम नागरिकों को देश की पहली डिजिटल जनगणना के अंतर्गत सेल्फ-एन्युमरेशन फॉर्म भरने का लाइव प्रशिक्षण दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी एवं जिलाध्यक्ष मनोज साहू ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके दीक्षित के सहयोग से उपस्थित लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं फॉर्म भरने की प्रक्रिया 21 मई तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि फॉर्म जमा होने के बाद प्रत्येक नागरिक को एक विशिष्ट एसई-आईडी प्राप्त होगी, जिसे बाद में घर आने वाले प्रगणक को दिखाना होगा। साथ ही डिजिटल मैप पर घर की लोकेशन मार्क करने एवं 33 प्रश्नों की प्रश्नावली को सही तरीके से भरने की जानकारी भी दी गई। शिविर में यह भी बताया गया कि परिवार के मुखिया का चालू मोबाइल नंबर आवश्यक होगा, जिस पर ओटीपी प्राप्त किया जा सके। व्यापारियों को यह भी समझाया गया कि वे घर बैठे या अपनी दुकान से ही पोर्टल पर जानकारी दर्ज कर अपनी एसई-आईडी प्राप्त कर सकते हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा मानकों, साफ-सफाई, मिलावटखोरी से बचाव तथा बिना किसी बिचौलिए के सीधे सरकारी पोर्टल से लाइसेंस प्राप्त करने की पारदर्शी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब खाद्य विभाग का रजिस्ट्रेशन, जिसका शुल्क मात्र 100 रुपये प्रतिवर्ष है, डेढ़ करोड़ रुपये तक के टर्नओवर वाले व्यापारियों के लिए भी मान्य कर दिया गया है, जबकि पहले इसकी सीमा 12 लाख रुपये तक थी। आरके दीक्षित ने कहा कि विभाग का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें नियमों के प्रति जागरूक करना है। ऐसे शिविरों से विभाग और व्यापारियों के बीच की दूरी कम होती है। प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग इस डिजिटल पहल का हिस्सा बनें और स्वयं ऑनलाइन जनगणना फॉर्म भरकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उन्होंने इसे पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय प्रक्रिया बताया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी संदीप श्रीवास्तव, जय किशन, अनिल महाजन, प्रेम दत्त उमराव, प्रशांत सिंह चौहान, राजू, संजय गुप्ता, इसराइल, सलामत अली, असलम आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *