कालपी में शांति समिति की बैठक, बकरीद व गंगा दशहरा को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील

   कालपी में शांति समिति की बैठक, बकरीद व गंगा दशहरा को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील
दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज कालपी (जालौन) आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) एवं गंगा दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने की, जबकि पुलिस क्षेत्राधिकारी अवधेश सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में बिजली, पानी, सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।


उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि कालपी नगर हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द की मिसाल रहा है। उन्होंने सभी समुदायों से अपील करते हुए कहा कि आगामी त्योहारों को मिलजुलकर मनाएं और नगर की गौरवशाली परंपरा को कायम रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या का प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर समाधान करेगा।
सीओ अवधेश सिंह ने कहा कि वह वर्ष 2015 से कालपी क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और यहां हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोग हमेशा आपसी प्रेम और सहयोग के साथ त्योहार मनाते आए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यही भाईचारा बना रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बकरीद पर खुले में पशुओं की कुर्बानी न की जाए तथा कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों को जमीन में दफन किया जाए अथवा नगर पालिका की गाड़ियों में डाला जाए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रम्ह तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला ने बताया कि शाही ईदगाह एवं मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही कुर्बानी के पशुओं के अवशेषों को उठाने के लिए नगर पालिका की 11 गाड़ियां लगातार भ्रमण करेंगी।
बैठक में इंस्पेक्टर क्राइम अवनीश कुमार, एसएसआई उदय प्रताप सिंह, सब इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह चंदेल, विशाल भड़ाना, व्यापार मंडल अध्यक्ष नमन अग्रवाल सहित विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक, सभासद एवं धर्मगुरु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *