शांति व्यवस्था बनाए रखने का अभियान तेज – 13 लोगों पर हुई कार्रवाई; 430 वाहनों के चालान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को शांति भंग की आशंका के मद्देनजर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 13 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र से 03, थाना खखरेरू से 02, थाना गाजीपुर से 04, थाना ललौली से 01 तथा थाना बकेवर से 03 व्यक्तियों के विरुद्ध शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 430 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 02 वाहनों से कुल 2,000 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। —————————————– – पुलिस ने बारह शातिर अपराधियों की खोली हिस्ट्रीशीट – अब हर कदम पर रहेगी पुलिस की नजर एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 शातिर एवं अभ्यस्त अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया। इन अपराधियों के खिलाफ लूट, चोरी, नकबजनी, गोवध समेत विभिन्न संगीन मामलों में 65 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीट खोले गए सभी अपराधी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं और इनके खिलाफ जनपद सहित अन्य जिलों के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। अपराध की दुनिया में सक्रिय रहने और लगातार कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनने के कारण इन पर विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया है। हिस्ट्रीशीट खोले गए अपराधियों में असोथर थाना क्षेत्र का रोहित सिंह, खागा का कासिम अली, कोतवाली क्षेत्र का सलीम उर्फ सलमान, बिंदकी का हलीम उर्फ मुल्ला एवं पिंटू उर्फ पटुआ, राधानगर का राकेश विश्वकर्मा, हथगांव क्षेत्र के अशोक पासवान, तौशीक, कमल सिंह उर्फ ननचू, शनी और अर्जुन तथा बकेवर का सुनील कुमार पासवान शामिल हैं। इन पर लूट, चोरी, नकबजनी और गोवध जैसे अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद इन अपराधियों की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी। इनके आवागमन, संगत और गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। थाना स्तर पर इनके सत्यापन और निगरानी की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ————————————- — बिजली फॉल्ट से लगी आग, गया पासवान का घर जलकर राख एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदापुर गढ़ा गांव में गुरुवार की देर शाम को बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गया पासवान का पूरा घर जलकर खाक हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घर में अचानक बिजली फॉल्ट होने के बाद चिंगारी निकली, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई। घर से धुआं और लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई तथा ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई। आग की भयावहता के कारण घर में रखा घरेलू सामान, कपड़े, अनाज, बर्तन और अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वर्षों की मेहनत से जुटाया गया सामान कुछ ही मिनटों में आग की भेंट चढ़ गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते दमकल वाहन पहुंच जाता तो नुकसान को कम किया जा सकता था। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। ————————————— — महिला समेत तीन ने खाया जहरीला पदार्थ, एक की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अर्न्तगत महिला समेत तीन लोगो ने जहरीला पदार्थ आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास के समीप निवासी रामु शाहु की 34 वर्षीय पत्नी शारदा देवी ने परिवारिक कलह के चलते ज़हरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। कुछ समय पश्चात जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों को जानकारी हुई तुरन्त परिजन उसको शहर के एक प्राइवेट अस्पताल इलाज के लिए लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उर्मिला देवी की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वही जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे है। वहीं सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के थाना क्षेत्र के पंभापुर गांव निवासी लल्लू का 18 वर्षीय पुत्र शुभम सिंह को परिजनों ने किसी बात को लेकर डांट-डपट दिया। डाँट से क्षुब्ध होकर उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसकी जानकारी उसके परिजनो को हुई तो तुरन्त परिजन उसको इलाज के लिए हथगांम सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एम्बुलेन्स के ईएमटी राहुल व पायलेट रोहित के साथ जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वही जिला अस्पताल पहुँचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे है। वहीं किशनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोला बांध मजरे बरात गांव निवासी अशोक कुमार निषाद का 23 वर्षीय पुत्र अखिलेश निषाद ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजन उपचार के लिए सदर अस्पताल ला रहे थे। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गयी। सूचना पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ————————————- अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत, दो घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अन्तर्गत हुए सड़क हादसे के दौरान दो लोगों की मौत हो गयी। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के पेरी गांव निवासी प्रमोद कुमार की 39 वर्षीय पत्नी मंजू देवी अपने 45 वर्षीय भाई संजय पुत्र रामकुमार मिश्रा निवासी उमरी थाना कोतवाली के साथ बाइक से मायके आ रही थी। बताते है कि जैसे ही यह लोग थरियांव थाने के एनएच 2 में पहुंचे तभी पीछे से तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे मंजू की मौके पर ही मौत हो गयी। इसी प्रकार गोरखपुर जनपद के थाना गोला बाजार गांव कुकरहा गांव निवासी छोटे लाल का 21 वर्षीय पुत्र जय आशीष आरसीसी मिक्सर मशीन चलाता है। बताते हैं कि भोर पहर लगभग चार बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के लोधीगंज शालीमार होटल के समीप एनएच 2 में पीछे से आ रहे ट्रक ने मिक्सर मशीन में टक्कर मार दिया। जिससे जय आशीष की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं दो लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों की हालत गंभीर देख कानपुर के लिए रेफर कर दिया। उधर पुलिस ने मौके में पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।